HTML tutorial
HTML tutorial

दून विश्वविद्यालय में 75 से अधिक छात्र-छात्राओं का कैम्पस चयन, नियुक्ति अभियान अभी भी जारी

दून विश्वविद्यालय में 75 से अधिक छात्र-छात्राओं का कैम्पस चयन, नियुक्ति अभियान अभी भी जारी
Spread the love

देहरादून।दून विश्वविद्यालय ने एक बार फिर यह साबित किया है कि राज्य विश्वविद्यालय भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक कौशल विकास और बेहतर रोजगार अवसरों के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना ली है। वर्तमान शैक्षणिक सत्र में विश्वविद्यालय के 75 से अधिक विद्यार्थियों का प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनियों और देश की अग्रणी संस्थाओं में चयन हुआ है।

यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के हाल ही में आयोजित नियुक्ति माह के दौरान सामने आई, जिसने पूरे परिसर में उत्साह और गर्व का वातावरण बना दिया। इस नियुक्ति अभियान में प्रबंधन, कंप्यूटर साइंस, विभिन्न विदेशी भाषा अध्ययन तथा सामाजिक विज्ञान सहित विभिन्न विभागों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विश्वविद्यालय द्वारा नियमित रूप से आयोजित औद्योगिक संवाद, कार्यशालाएं, प्रशिक्षण कार्य, योग्यता प्रशिक्षण, संचार कौशल विकास और पर्सनालिटी डेवलपमेंट कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता के साथ-साथ व्यवहारिक कौशल में भी मजबूत बनाया है।

इस अवसर पर दून विवि की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि विद्यार्थियों का सफल चयन विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हमेशा शामिल रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रत्येक विभाग विद्यार्थियों को रोजगारपरक कौशल प्रदान करने और उन्हें उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। विश्वविद्यालय लंबे समय से परिणाम आधारित शिक्षा पद्धति पर कार्य कर रहा है, जिसके अंतर्गत केवल सैद्धांतिक शिक्षा पर नहीं बल्कि औद्योगिक तैयारी, प्रशिक्षण कार्य, व्यावसायिक कौशल, व्यक्तित्व विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाता है। यही कारण है कि यहां के विद्यार्थी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।

उन्होंने विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल तथा विभिन्न विभागाध्यक्षों की सराहना करते हुए कहा कि इन सभी के समन्वित प्रयासों के कारण विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय लगातार उद्योग जगत के साथ अपने संबंधों को मजबूत कर रहा है ताकि विद्यार्थियों को अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। नियुक्ति अभियान अभी भी जारी है और आने वाले दिनों में कई अन्य प्रतिष्ठित कंपनियां परिसर चयन प्रक्रिया में भाग लेने वाली हैं। इस वर्ष कुल चयन संख्या और अधिक बढ़ेगी।

कुलपति ने विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि दून विश्वविद्यालय के छात्र आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कंपनियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है।

इस वर्ष प्राप्त हुए उच्चतम वेतन प्रस्तावों में वैश्विक तकनीकी और परामर्श कंपनी एक्सेंचर तथा जारो एजुकेशन शामिल है। जापानी अध्ययन विभाग की छात्रा सृष्टि का चयन एक्सेंचर में हुआ, जबकि रिधिमा जुयाल को जारो एजुकेशन से 14 लाख रुपये वार्षिक तक के आकर्षक वेतन प्रस्ताव प्राप्त हुआ। फ्रेंच विभाग की छात्रा हर्षिता अग्रवाल को डेटामार्क में 8 लाख रुपये वार्षिक वेतन पर चयनित किया गया। वहीं एमबीए कार्यक्रम के छात्र ऋषभ सक्सेना और ईशा शर्मा तथा एमटेक के छात्र बिपिन जोशी को पीआईई इन्फोटेक से आकर्षक प्रस्ताव प्राप्त हुए। बीएससी कंप्यूटर साइंस के छात्र मनप्रीत सिंह को भी इसी कंपनी से 6 लाख रुपये वार्षिक वेतन प्रस्ताव मिला। इन नियुक्ति अभियान में कई प्रतिष्ठित कंपनियों और संस्थाओं ने सक्रिय भागीदारी की। इनमें अमेज़न, ग्रांट थॉर्नटन भारत, अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन, महिंद्रा समूह, आईसीआईसीआई बैंक, स्मार्टडाटा एंटरप्राइजेज और पोस्टेरिटी कंसल्टिंग जैसी संस्थाएं शामिल रहीं।

विश्वविद्यालय का मानना है कि समग्र शिक्षा, शोध अभिमुखता, व्यवहारिक अनुभव, नवाचार और रोजगारपरक कौशल पर दिया जा रहा विशेष ध्यान विद्यार्थियों के लिए मजबूत करियर मार्ग तैयार कर रहा है। बढ़ती हुई चयन संख्या, बेहतर वेतन पैकेज और लगातार बढ़ रही कंपनियों की भागीदारी के साथ दून विश्वविद्यालय उत्तराखंड ही नहीं बल्कि देश के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर रहा है।

देवभूमि खबर

Related articles