होमबायर्स फ्रॉड केस में CBI की 19वीं चार्जशीट, Earthcon Universal Infratech और निदेशकों पर कार्रवाई

नई दिल्ली। होमबायर्स से बड़े पैमाने पर कथित धोखाधड़ी के मामलों की जांच में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने M/s Earthcon Universal Infratech Pvt. Ltd. और उसके निदेशकों/अधिकारियों के खिलाफ 19वीं चार्जशीट दाखिल की है। यह मामला ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-1 स्थित ‘Casa Royale’ आवासीय परियोजना से जुड़ा है।
सीबीआई के अनुसार, आरोपी बिल्डर कंपनी और उसके निदेशकों ने कथित तौर पर होमबायर्स एवं निवेशकों को भ्रामक आश्वासन और झूठे दावों के माध्यम से निवेश के लिए प्रेरित किया और अवैध एवं धोखाधड़ीपूर्ण तरीकों से आर्थिक लाभ हासिल किया।
जांच के दौरान सीबीआई ने मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। इसके आधार पर आपराधिक षड्यंत्र, धोखाधड़ी और आपराधिक न्यासभंग से संबंधित भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत चार्जशीट नई दिल्ली स्थित राउज एवेन्यू जिला न्यायालय के विशेष सीबीआई न्यायाधीश के समक्ष दाखिल की गई है।
सीबीआई ने बताया कि होमबायर्स से कथित धोखाधड़ी और धन के दुरुपयोग से जुड़े मामलों में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर देशभर की विभिन्न बिल्डर कंपनियों तथा वित्तीय संस्थानों के अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ 30 अन्य मामले भी जांच के अधीन हैं।
इससे पहले सीबीआई Rudra Buildwell Constructions, Dream Procon, Jaypee Infratech, AVJ Developers, CHD Developers, Sequel Buildcon, Logix City Developers, Manju J Homes, Shubhkamna Buildtech, Ninex Developers समेत कई बिल्डर कंपनियों और उनके निदेशकों के खिलाफ 18 चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। कुछ मामलों में बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
सीबीआई ने कहा कि वह आर्थिक अपराध, भ्रष्टाचार और सार्वजनिक धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। विशेष रूप से ऐसे मामलों में, जिनका सीधा असर आम नागरिकों और होमबायर्स के हितों पर पड़ता है, जांच एजेंसी द्वारा कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
