HPV टीकाकरण में चमोली ने रचा रिकॉर्ड, उत्तराखंड में प्रथम स्थान हासिल

गोपेश्वर/चमोली। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए संचालित राष्ट्रीय HPV टीकाकरण अभियान में चमोली जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिले में लक्षित 14 वर्षीय 3,174 बालिकाओं के सापेक्ष अब तक 2,177 बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है। इस तरह जिले ने 68.6 प्रतिशत उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
HPV टीकाकरण की पहुंच अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं तक सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, जिला सूचना शिक्षा एवं संचार प्रकोष्ठ, टीकाकरण अनुभाग, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों और आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को HPV वैक्सीन के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के तहत विद्यालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से पात्र बालिकाओं का टीकाकरण किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा लगातार जागरूकता एवं टीकाकरण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे अभियान को गति मिली है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल ने कहा कि HPV टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राष्ट्रीय स्तर पर 28 फरवरी 2026 से 14 वर्ष की पात्र बालिकाओं के लिए HPV टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में यह टीका निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने जनपद के सभी लक्षित आयु वर्ग की बालिकाओं के अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बालिकाओं को HPV का टीका अवश्य लगवाएं, ताकि उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव मिल सके।
चमोली जिले के प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्साह है। विभाग ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने वाले विद्यालयों, अभिभावकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं अन्य संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया है।
