अपराध नियंत्रण व आगामी आयोजनों की तैयारियों को लेकर चमोली पुलिस की मासिक अपराध गोष्ठी,एसपी ने भराड़ीसैण विधानसभा सत्र, चारधाम यात्रा व नंदा देवी राजजात को लेकर दिए सख्त निर्देश
चमोली।पुलिस अधीक्षक जनपद चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, स्थानीय अभिसूचना इकाई, फायर सर्विस, दूरसंचार सहित विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।
गोष्ठी की शुरुआत कर्मचारी सम्मेलन से की गई, जिसमें कर्मचारियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। इसके पश्चात विगत माह में घटित अपराधों, विवेचनाओं की प्रगति, लंबित प्रकरणों एवं आगामी वीआईपी कार्यक्रमों के दृष्टिगत कानून एवं शांति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
एसपी चमोली ने आगामी विधानसभा बजट सत्र (भराड़ीसैण/गैरसैण) को लेकर पूर्व से ही सभी सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियां सुनिश्चित करने, अभिसूचना तंत्र को मजबूत रखने तथा सभी शाखाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चारधाम यात्रा–2026 के मद्देनज़र यात्रा मार्गों पर बॉटल नेक स्पॉट्स चिन्हित कर मलबा व अवरोध हटाने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर बैरियर व साइन बोर्ड लगाने तथा जर्जर पुलिस चौकियों व चेक पोस्ट की समयबद्ध मरम्मत के निर्देश दिए गए।
नंदा देवी बड़ी जात यात्रा को लेकर यात्रा पड़ावों पर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने तथा अस्थायी पुलिस चौकियों के प्रस्ताव शीघ्र पुलिस कार्यालय भेजने के निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में ऑपरेशन स्माइल को और अधिक प्रभावी बनाने, साइबर अपराधों में होल्ड धनराशि की त्वरित वापसी, एनडीपीएस एक्ट के मामलों में फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा हेतु पुलिस आपके द्वार कार्यक्रम, Gaura Shakti Module में पंजीकरण, शस्त्र लाइसेंस व पासपोर्ट सत्यापन के लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।
लंबित विवेचनाओं, शिकायतों, वारंट, गुमशुदगी व अन्य प्रकरणों पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन–2025 के तहत अवैध शराब व मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सख्त अभियान चलाने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ओवरलोडिंग, नशे व लापरवाह ड्राइविंग के खिलाफ एमवी एक्ट में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
गोष्ठी के अंत में उत्कृष्ट कार्य के लिए वरिष्ठ उपनिरीक्षक कर्णप्रयाग संजय नेगी एवं चौकी प्रभारी गौचर उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसांई को पुलिस मैन ऑफ द मंथ चुना गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश बिष्ट, सहायक अभियोजन अधिकारी मनमोहन सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

