श्री बद्रीनाथ धाम में कोतवाली का विधिवत शुभारम्भ, उप निरीक्षक नवनीत भंडारी बने थानाध्यक्ष
चमोली।आगामी चारधाम यात्रा 2025 को निर्विघ्न और सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से चमोली पुलिस ने अपनी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में भगवान श्री बद्रीनाथ जी के कपाट खुलने से ठीक पहले, आज कोतवाली श्री बद्रीनाथ का विधिवत शुभारम्भ किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री सर्वेश पंवार के निर्देशन में पूजा-पाठ कर कोतवाली का उद्घाटन संपन्न हुआ। उद्घाटन से पूर्व पुलिस कर्मियों ने परिसर में श्रमदान कर उसे व्यवस्थित और स्वच्छ बनाया।
ज्ञात हो कि श्री बद्रीनाथ जी के कपाट आगामी 4 मई को खुलने वाले हैं। यात्रा प्रारंभ होने से पहले ही पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यात्री सुविधाओं के लिए पूरी तैयारियाँ कर ली हैं। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने हेतु पर्याप्त संख्या में पुलिस बल श्री बद्रीनाथ धाम भेजा गया है।
कोतवाली के संचालन हेतु उप निरीक्षक श्री नवनीत भंडारी को थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
चमोली पुलिस चारधाम यात्रा हेतु पधारने वाले समस्त यात्रियों व श्रद्धालुओं का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करती है। पुलिस प्रशासन आपकी सुरक्षित और सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। श्री बद्रीनाथ धाम में कोतवाली की स्थापना इसी प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण कदम है, जो यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

