मुख्यमंत्री ने 306 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं को दी मंजूरी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में सड़क अवसंरचना, पर्यटन विकास, बाढ़ सुरक्षा, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और जन सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों के लिए 306 करोड़ रुपये से अधिक की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं।
मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय सड़क अवसंरचना निधि के अंतर्गत भारत सरकार से स्वीकृत नौ कार्यों के लिए 288.41 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन कार्यों के लिए पहली किश्त के रूप में 40 प्रतिशत धनराशि यानी 115.36 करोड़ रुपये अवमुक्त किए जाने का भी अनुमोदन किया गया है।
श्री बद्रीनाथ धाम में रिवर फ्रंट विकास कार्य की पुनरीक्षित लागत के क्रम में मुख्यमंत्री ने वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करते हुए चालू वित्तीय वर्ष में राज्य सरकार के पर्यटन अवस्थापना मद से छह करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन किया है।
राज्य सेक्टर के अंतर्गत मानसून अवधि में बाढ़ सुरक्षा कार्यों, क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण और बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों के निर्माण के लिए पिथौरागढ़, चमोली, देहरादून, उत्तरकाशी और पौड़ी गढ़वाल जनपदों की छह योजनाओं के लिए 9.30 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
अल्मोड़ा जनपद के सल्ट विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत शक्तिपीठ भौनादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। वहीं पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की कुणिया ग्रामसभा में तपड़ी घाट से गोलमानू प्राथमिक विद्यालय तक सीसी मार्ग निर्माण के लिए 72.63 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
अल्मोड़ा के जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के चलनीछीना में घटीका मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 99.39 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अलावा हल्द्वानी स्थित श्रम भवन परिसर में लिफ्ट संयोजन के निर्माण कार्य के लिए 30.30 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन स्वीकृतियों से प्रदेश में सड़क संपर्क, पर्यटन सुविधाओं, बाढ़ सुरक्षा, धार्मिक स्थलों के विकास और आमजन से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने से संबंधित कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
