देहरादून के परेड ग्राउंड में ABVP के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, श्रीकृष्ण पांडेय को प्रो. यशवंत राव केलकर युवा पुरस्कार से किया सम्मानित

देहरादून के परेड ग्राउंड में ABVP के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, श्रीकृष्ण पांडेय को प्रो. यशवंत राव केलकर युवा पुरस्कार से किया सम्मानित
Spread the love

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज परेड ग्राउंड, देहरादून में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने गोरखपुर के श्री श्रीकृष्ण पांडेय को ‘प्रो. यशवंत राव केलकर युवा पुरस्कार’ से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि श्री पांडेय ने ‘बाल भिक्षावृत्ति निर्मूलन’, ‘निस्सहाय मनोरोगियों की सेवा’ और ‘कारागार बंदियों के पुनर्वास’ के क्षेत्र में कार्य कर समाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में वे भी विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता के रूप में विद्यार्थियों के बीच सक्रिय रहे हैं। उस अनुभव ने उन्हें नेतृत्व, संगठन और समाज सेवा की गहन समझ प्रदान की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद के मूल्य और आदर्श उनके जीवन की आधारशिला हैं तथा प्रतिदिन अनुशासन के साथ सेवा-पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद का यह राष्ट्रीय अधिवेशन मात्र आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के पवित्र यज्ञ के लिए समर्पित ऊर्जावान युवाओं का महासंगम है।

मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि इस मंच से निकलने वाले विचार और संकल्प राष्ट्र निर्माण की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होंगे तथा देश के विकास और सामाजिक प्रगति को नई दिशा प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद पिछले 77 वर्षों से व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रही है और सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक तथा वैचारिक क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन लाने वाली अग्रणी शक्ति के रूप में उभरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है, जो अपनी प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प के बल पर सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को साकार करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि युवा ऊर्जा को सही दिशा और मार्गदर्शन देकर ही भारत को पुनः विश्व गुरु के रूप में स्थापित किया जा सकता है तथा “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र की युवा शक्ति को राष्ट्र-शक्ति मानते हुए आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। Startup India, Skill India, Digital India, Make in India, Fit India और नई शिक्षा नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को उनकी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा, ABVP के अध्यक्ष प्रो. रघुराज किशोर तिवारी, महामंत्री डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी सहित अनेक पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles