मुख्यमंत्री धामी ने नवनियुक्त सहायक समीक्षा अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री धामी ने नवनियुक्त सहायक समीक्षा अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास स्थित कैंप कार्यालय में राजस्व परिषद में नव-चयनित सहायक समीक्षा अधिकारी एवं समीक्षा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली से पूर्व यह नियुक्ति पत्र प्राप्त होना नवनियुक्त कर्मियों और उनके परिवारों के लिए विशेष प्रसन्नता का अवसर है। मुख्यमंत्री ने उनके परिवारजनों को भी इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बीते चार वर्षों में राज्य में 26,500 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर भर्ती प्रक्रिया को अभियान के रूप में निरंतर आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पूर्व हरिद्वार में हुई परीक्षा से संबंधित एक प्रकरण सामने आया था, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया और एसआईटी जांच गठित की गई। इसके बाद छात्रों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए परीक्षा को निरस्त किया गया तथा सीबीआई जांच की संस्तुति की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बीते वर्षों के दौरान सभी प्रतियोगी परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित की गई हैं। भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद से ही पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रिक्त पदों को भरने का अभियान चलाया गया है, जिसके परिणामस्वरूप हजारों युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर मिला है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार आगे भी पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती प्रक्रिया को अभियान के रूप में जारी रखेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने नवनियुक्त कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि वे सरकारी सेवा को जनसेवा का माध्यम मानकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि कार्यों में निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ-साथ सरलीकरण और गति लाना आवश्यक है, ताकि जनता को शीघ्र और सरल सेवाएं मिल सकें।

इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री आनंद वर्धन, सचिव श्री एस.एन. पांडे, अपर सचिव श्रीमती रंजना राजगुरु, राजस्व परिषद के अधिकारीगण तथा नव-नियुक्त सहायक समीक्षा अधिकारी एवं समीक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles