गांधी पार्क में सामूहिक वंदे मातरम् गायन में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, राष्ट्रप्रेम और विकसित भारत का किया आह्वान

Spread the love

देहरादून। गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित गांधी पार्क में भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित सामूहिक वंदे मातरम् गायन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित वंदे मातरम् स्वतंत्रता आंदोलन का प्रेरणास्रोत रहा है, जिसने देशवासियों को एक भावनात्मक और सांस्कृतिक सूत्र में बांधा। गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा संगीतबद्ध किए जाने के बाद यह राष्ट्र के प्रति त्याग, एकता और समर्पण का जीवंत प्रतीक बन गया। हजारों कंठों से एक साथ गूंजता वंदे मातरम् केवल स्वर नहीं, बल्कि हृदय और संकल्पों का संगम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत ने संविधान लागू कर एक लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में नई यात्रा प्रारंभ की। उन्होंने संविधान निर्माताओं, स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों तथा देश की रक्षा में समर्पित सेना और पुलिस के जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारी प्राचीन सभ्यता, लोकतांत्रिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है और आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। आधुनिक बुनियादी ढांचे, डिजिटल इंडिया, यूपीआई, शिक्षा, स्वास्थ्य और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया अभियानों से देश की आर्थिक नींव सुदृढ़ हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार ने सख्त भू-कानून, समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। पिछले साढ़े चार वर्षों में 27 हजार युवाओं को सरकारी रोजगार दिया गया है। राज्य की अर्थव्यवस्था में कई गुना वृद्धि हुई है और पलायन निवारण आयोग की रिपोर्ट के अनुसार 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज किया गया है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स 2023-24 में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ देवभूमि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, विधायक श्री खजान दास, श्रीमती सविता कपूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन, राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान

Spread the love देहरादून। गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। इस अवसर पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों […]