HTML tutorial
HTML tutorial

गणतंत्र दिवस पर करन माहरा का संदेश: संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक सौहार्द की रक्षा का संकल्प

गणतंत्र दिवस पर करन माहरा का संदेश: संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक सौहार्द की रक्षा का संकल्प
Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष करन माहरा ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, देहरादून में आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों का प्रतीक है, जो देश की एकता, अखण्डता और सामाजिक न्याय के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।

करन माहरा ने कहा कि आज जनता को कांग्रेस पार्टी से बड़ी अपेक्षाएं हैं, क्योंकि कांग्रेस ने हमेशा आम आदमी को केंद्र में रखकर जनकल्याणकारी योजनाएं बनाई हैं। देश की आज़ादी से लेकर अब तक कांग्रेस ने देश की एकता, अखण्डता और सम्प्रभुता के लिए अनेक बलिदान दिए हैं। उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मार्गदर्शन में कांग्रेस की नीतियों और स्वर्णिम इतिहास को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस समाज के सभी वर्गों—अल्पसंख्यकों, दलितों, किसानों, महिलाओं—को साथ लेकर पिछड़े और दुर्गम क्षेत्रों तक उपलब्धियों को पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों, शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करना कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दायित्व है। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के धैर्य और संयम की सराहना करते हुए उन्होंने संविधान की मर्यादा, पार्टी परंपराओं और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों के साथ समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

करन माहरा ने वर्तमान केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह समाज को बांटने, जनता को गुमराह करने और कमजोर व दलित वर्गों पर अत्याचार कर रही है। उन्होंने उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनके संघर्ष और बलिदान से ही राज्य की पहचान बनी है और कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र व उत्तराखण्ड की अस्मिता की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगी।

कार्यक्रम में महामंत्री राजेन्द्र शाह, नवीन जोशी, सेवादल चीफ हेमा पुरोहित, प्रवक्ता सुजाता पॉल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles