HTML tutorial
HTML tutorial

परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन, राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान

परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन, राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान
Spread the love

देहरादून। गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। इस अवसर पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए पदक अलंकरण कर सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान सूचना विभाग द्वारा “उत्तराखण्ड रजत जयंती एवं शीतकालीन धार्मिक यात्रा व पर्यटन” विषय पर आधारित झांकी सहित महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, ग्राम्य विकास, पर्यटन, उद्यान, विद्यालयी शिक्षा, उरेड़ा, वन, उद्योग तथा संस्कृत शिक्षा विभाग की आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। झांकी प्रतियोगिता में सूचना विभाग को प्रथम, संस्कृत शिक्षा विभाग को द्वितीय एवं विद्यालयी शिक्षा विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ, जिन्हें राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।
गणतंत्र दिवस परेड में 14वीं डोगरा रेजीमेंट आर्मी, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, हिमाचल पुलिस, 40वीं वाहिनी पीएसी, 40वीं वाहिनी महिला दल, उत्तराखण्ड होमगार्ड्स, प्रान्तीय रक्षक दल, एनसीसी बॉयज एवं गर्ल्स, अश्व दल, पुलिस संचार, अग्निशमन तथा सीपीयू की टुकड़ियों ने सहभागिता की। परेड में सीआरपीएफ को प्रथम, आईटीबीपी को द्वितीय एवं 14वीं डोगरा रेजीमेंट को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम में राज्य के लोक कलाकारों द्वारा छोलिया नृत्य, गढ़वाली नृत्य एवं पाइप बैंड सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकतंत्र सेनानियों, शहीद राज्य आंदोलनकारियों के परिजनों एवं राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

समारोह में पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र एवं पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड श्री भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती गीता धामी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सांसद नरेश बंसल एवं महेन्द्र भट्ट, विधायक खजान दास, मेयर देहरादून श्री सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ, जिलाधिकारी श्री सविन बंसल, एसएसपी श्री अजय सिंह सहित प्रशासन, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles