मुख्यमंत्री धामी ने बागेश्वर आपदा प्रभावित पौंसरी का दौरा कर ग्रामीणों से की मुलाकात, हरसंभव सहायता का दिया आश्वासन

मुख्यमंत्री धामी ने बागेश्वर आपदा प्रभावित पौंसरी का दौरा कर ग्रामीणों से की मुलाकात, हरसंभव सहायता का दिया आश्वासन
Spread the love

बागेश्वर।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को आपदा प्रभावित क्षेत्र पौंसरी पहुँचे और ग्रामीणों से भेंट कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी मजबूती से प्रभावितों के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैसानी में आपदा प्रभावित ग्रामीणों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी आशीष भटगांई से राहत कार्यों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बताया कि 29 अगस्त को अतिवृष्टि से पौंसरी के खाईजर तोक में 5 मकान मलबे में दब गए थे। वहां रहने वाले 6 व्यक्तियों में से 5 मलबे में दब गए और 1 सुरक्षित मिला। अब तक 3 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि शेष दो की खोज एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर टीम, ड्रोन, डॉग स्क्वाड और विक्टिम लोकेटिंग कैमरे की मदद से जारी है। प्रभावितों को राहत राशि वितरित की जा चुकी है तथा सभी आवश्यक सेवाएं बहाल कर दी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में नुकसान का आकलन कर पुनर्वास की प्रक्रिया को गति दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि क्षतिग्रस्त पिटकुल के 132 केवी सब स्टेशन की मरम्मत हेतु 52 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

इस मौके पर विधायक सुरेश गढ़िया, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के, प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्ना, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles