मुख्यमंत्री ने किया उत्तराखंड के पहले ‘साथी केंद्र’ का शुभारम्भ

मुख्यमंत्री ने किया उत्तराखंड के पहले ‘साथी केंद्र’ का शुभारम्भ
Spread the love

खटीमा। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हेमवती नन्दन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खटीमा में आईआईटी कानपुर के सहयोग से उत्तराखंड के पहले “साथी केंद्र” का शुभारम्भ किया।

उन्होंने कहा कि किसी भी देश का सामाजिक और आर्थिक विकास उसकी शिक्षा की गुणवत्ता पर निर्भर करता है। इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2020 में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में सुधार का ऐतिहासिक कदम उठाया था। इस नीति से विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सहायता मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 में शुरू हुए “प्रोजेक्ट साथी” के माध्यम से आईआईटी और आईआईएससी जैसे संस्थानों के प्रोफेसर ऑनलाइन क्लासेज द्वारा विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, बैंकिंग, रेलवे और क्लैट जैसी परीक्षाओं की तैयारी करवा रहे हैं। खटीमा केंद्र में 80 छात्रों को ऑफलाइन कोचिंग और मेंटरिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस पहल से अब तक देशभर में 15 लाख से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं, जबकि उत्तराखंड में लगभग 29 हजार छात्र इसका हिस्सा बने हैं। पिछले वर्ष 500 से अधिक विद्यार्थियों ने इस प्लेटफॉर्म की मदद से सफलता प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने राज्य में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में चल रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग व बिग डेटा जैसे कोर्स शुरू किए जा रहे हैं। साथ ही साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क जैसे प्रोजेक्ट्स पर कार्य हो रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महाविद्यालयों में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, 9 नए महाविद्यालय खोलने तथा “मुख्यमंत्री शोध प्रोत्साहन योजना” के अंतर्गत प्राध्यापकों को 18 लाख रुपये तक का शोध अनुदान देने की दिशा में काम कर रही है। उत्कृष्ट शोध पत्रों के लिए प्रोत्साहन पुरस्कार भी प्रदान किया जा रहा है।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सांसद श्री अजय भट्ट, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रमेश चंद जोशी, दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, सचिव उच्च शिक्षा डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. बी. एन. खाली, निदेशक आईआईटी कानपुर श्री मनिंदर अग्रवाल, जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री मणिकांत मिश्रा, प्राचार्य डॉ. पंकज कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles