मुख्यमंत्री ने खटीमा में ₹ 337.17 लाख के विकास कार्यों का किया शिलान्यास
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को थारू इंटर कॉलेज खटीमा में आयोजित सम्मान समारोह में भाग लेते हुए कुल ₹337.17 लाख की लागत से तीन विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में ग्राम कल्याणपुर, रुद्रपुर में ₹183.77 लाख की लागत से पाथ-वे निर्माण, ₹67.50 लाख की लागत से स्ट्रीट लाइट लगाने और ₹84.90 लाख की लागत से कलेक्ट्रेट परिसर में पार्किंग निर्माण कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने खटीमा को अपनी कर्मभूमि बताते हुए कहा कि यहां के लोग उनके परिवार की तरह हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के साथ उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार न केवल सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत कर रही है, बल्कि किसानों और स्वरोजगार को भी बढ़ावा दे रही है। उन्होंने होम स्टे योजना, लखपति दीदी योजना और सौर स्वरोजगार योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि इनसे स्थानीय लोगों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा से उनकी विशेष भावनात्मक जुड़ाव है। 2012 में पहली बार विधायक बनने के बाद से उन्होंने हमेशा खटीमा के विकास पर ध्यान दिया है। उन्होंने खटीमा में नए बस स्टैंड, सड़कों और पुलों के निर्माण, 100 बेड के अस्पताल, जनजातीय बच्चों के लिए एकलव्य विद्यालय, आईटीआई और पॉलीटेक्निक कॉलेज के नए भवनों जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को गिनाया।
उन्होंने 16 करोड़ रुपये की लागत से बने चकरपुर खेल स्टेडियम का भी उल्लेख किया, जहां हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित हुई थीं। उन्होंने कहा कि अब इस स्टेडियम में खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय सुविधाएं मिलेंगी और हॉस्टल में रहने की सुविधा भी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा के साथ ही पूरे उधम सिंह नगर जिले में ऐतिहासिक विकास परियोजनाएँ चल रही हैं। इनमें किच्छा में एम्स ऋषिकेश का सैटेलाइट सेंटर, खुरपिया में स्मार्ट औद्योगिक नगर, पीएम आवास योजना के तहत बागवाला में 1872 आवासों का निर्माण और टनकपुर व काशीपुर रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास शामिल है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा और जिले का विकास तेजी से होगा।
नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए खटीमा के विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया और 13 मांगों का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
इस अवसर पर विधायक रुद्रपुर शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, अध्यक्ष नगर पंचायत नानकमत्ता प्रेम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, महामंत्री अमित नारंग, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

