HTML tutorial
HTML tutorial

38वें राष्ट्रीय खेलों के कुश्ती व हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

38वें राष्ट्रीय खेलों के कुश्ती व हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
Spread the love

हरिद्वार।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर 38वें राष्ट्रीय खेलों के अंतर्गत आयोजित कुश्ती और हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लिए राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी एक बड़े अवसर की तरह है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य को यह प्रतिष्ठित अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि इस बार नेशनल गेम्स के आयोजन बेहद सफल रहे हैं और अन्य राज्यों से आए खिलाड़ी भी देवभूमि में शानदार अनुभव लेकर जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। पदक तालिका में उत्तराखंड टॉप 10 में शामिल हो चुका है, जबकि पिछले 37वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य 25वें स्थान पर था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड को बड़ी उपलब्धियां मिल रही हैं और राज्य अब “खेल भूमि” के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि यहां के युवा अब खेलों के क्षेत्र में अपना उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं और उन्हें बेहतर अवसर मिलेंगे। हरिद्वार और देहरादून में कई खेल संरचनाएं तैयार की गई हैं, जिनमें वेलोड्रोम, स्विमिंग पूल और साइक्लिंग ट्रैक जैसी सुविधाएं शामिल हैं। राज्य में कई प्रतियोगिताएं अब स्थायी संरचनाओं पर हो रही हैं, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर माहौल मिल रहा है।

उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं को नशे और नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” अभियान में खेलों की भूमिका अहम होने वाली है।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने 15 फरवरी से शुरू होने वाली शारदीय कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर कहा कि राज्य सरकार इसके लिए व्यापक व्यवस्थाएं कर रही है। चारधाम यात्रा की तैयारियां भी जोरों पर हैं, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी शीतकालीन यात्रा की तैयारियों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 14 फरवरी को हल्द्वानी में राष्ट्रीय खेलों का समापन समारोह होगा, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसके साथ ही, 2027 में हरिद्वार में होने वाले अर्धकुंभ की तैयारियों पर भी राज्य सरकार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने संत शिरोमणि रविदास जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका जीवन प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने बताया कि संत रविदास जयंती पर पूरे राज्य में अवकाश घोषित किया गया है ताकि लोग उनके विचारों से प्रेरणा ले सकें।

इस अवसर पर मेयर किरण जैसल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एचआरडीए उपाध्यक्ष अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे, अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, एचआरडीए सचिव मनीष सिंह, उपजिलाधिकारी अजयवीर सिंह सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles