HTML tutorial
HTML tutorial

उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेल ग्रीन गेम्स की थीम पर आयोजित, विजेता खिलाड़ियों के नाम पर बनेगा खेल वन

उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेल ग्रीन गेम्स की थीम पर आयोजित, विजेता खिलाड़ियों के नाम पर बनेगा खेल वन
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों को ग्रीन गेम्स की थीम पर आयोजित किया गया है। इस थीम को साकार करने के लिए देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर के पास “खेल वन” विकसित किया जा रहा है। इस वन में 38वें राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले 1600 खिलाड़ियों के नाम पर एक-एक पेड़ लगाया जाएगा। खेल वन के पौधारोपण का शुभारंभ बुधवार को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विजेता खिलाड़ियों के साथ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि 2.77 हेक्टेयर वन भूमि को खेल वन के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें 1600 मेडल विजेताओं के नाम पर पौधे लगाए जाएंगे। इससे उत्तराखंड की यादें और खिलाड़ियों का परिश्रम हमेशा जीवित रहेगा। उन्होंने कहा कि खेल के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, और इस पहल से दोनों उद्देश्यों की पूर्ति होगी।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस आयोजन में पर्यावरण संरक्षण के कई कदम उठाए गए हैं। खेलों में इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिकतम उपयोग किया जा रहा है, प्लास्टिक कचरे को कम करने के लिए रीसाइकिल बोतलों में पानी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर में 2 मेगावाट का सोलर प्लांट भी स्थापित किया गया है। खेल परिसरों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया है, और रीसाइकिल वेस्ट से सजावट की वस्तुएं तैयार की गई हैं।

इस अवसर पर भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पी. टी. उषा, कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, विशेष प्रमुख सचिव खेल श्री अमित सिन्हा, गढ़वाल कमिश्नर श्री विनय शंकर पांडे सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles