मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2025-26 का भव्य समापन, देहरादून बना विजेता; 11 करोड़ की पुरस्कार राशि खिलाड़ियों को DBT से हस्तांतरित
देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने ननूरखेड़ा, देहरादून में मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2025-26 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने देहरादून जनपद को विजेता ट्रॉफी एवं ₹5 लाख का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समापन केवल एक प्रतियोगिता का अंत नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड के उज्ज्वल खेल भविष्य की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि खेल आयोजन अब गाँव-गाँव, न्याय पंचायतों और दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचान देने का सशक्त माध्यम बन चुके हैं और उत्तराखण्ड अब देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस आयोजन में ₹11 करोड़ की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खिलाड़ियों के खातों में भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेल जगत में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा दी है और फिटनेस अब जन आंदोलन बन चुका है। भारत ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई खेलों और कॉमनवेल्थ गेम्स में ऐतिहासिक प्रदर्शन कर रहा है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और सम्मान मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन इसका प्रमाण है, जिसमें उत्तराखण्ड ने 103 पदक जीतकर पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर 7वाँ स्थान प्राप्त किया। आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना के कारण राज्य राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए भी सक्षम हो चुका है। Sports Legacy Plan के अंतर्गत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि नई खेल नीति में खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए अनेक प्रावधान किए गए हैं। हल्द्वानी में प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी स्थापित की जा रही है, जहाँ आधुनिक कोचिंग और खेल विज्ञान आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना और मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के माध्यम से मासिक छात्रवृत्ति और खेल उपकरण हेतु आर्थिक सहायता दी जा रही है। प्रशिक्षकों के मानदेय और प्रोत्साहन राशि में भी वृद्धि की गई है।
खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित करने के लिए “उत्तराखण्ड खेल रत्न”, “द्रोणाचार्य पुरस्कार” और “हिमालय खेल रत्न” जैसे सम्मान प्रदान किए जा रहे हैं। इस वर्ष से खेल महाकुंभ एवं अन्य राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं को सरकारी सेवाओं में आवेदन पर 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण भी दिया जाएगा।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि 23 नवम्बर 2025 से न्याय पंचायत स्तर से शुरू हुई प्रतियोगिताओं का समापन 18 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के साथ हुआ। इस आयोजन में 1 लाख 62 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया और 26 खेल स्पर्धाएँ आयोजित की गईं।
समारोह में विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, खेल निदेशक आशीष चौहान, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, सीडीओ अभिनव शाह सहित खेल विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

