सीएम धामी ने युवाओं से परेड ग्राउंड में की बातचीत, परीक्षा प्रकरण की सीबीआई जांच की दी संस्तुति

सीएम धामी ने युवाओं से परेड ग्राउंड में की बातचीत, परीक्षा प्रकरण की सीबीआई जांच की दी संस्तुति
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को परेड ग्राउंड में आंदोलन कर रहे युवाओं के बीच पहुंचे और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की गत सप्ताह आयोजित परीक्षा प्रकरण की सीबीआई जांच कराने पर सहमति दे दी।

सीएम धामी ने युवाओं का पक्ष सुनने के बाद कहा कि इस त्योहारी सीजन में युवा इतनी गर्मी में आंदोलन कर रहे हैं, जो उनके लिए भी पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो। विगत चार वर्षों से इसी संकल्प पर काम किया गया है।

मुख्यमंत्री ने भावुक अपील करते हुए कहा कि वो जानते हैं कि उत्तराखंड के युवा पढ़ाई पूरी करने के बाद सरकारी नौकरी के लिए तैयारी करते हैं और अपने जीवन के लिए सुनहरे सपने देखते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं ऐसी परिस्थितियों को नजदीक से देखा और अनुभव किया है।

सीएम धामी ने कहा कि मामले की जांच हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में एसआईटी कर रही है और कमेटी ने काम शुरू भी कर दिया है। लेकिन जब युवा सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं तो सरकार इसमें कोई रुकावट नहीं डालेगी और मामले की सीबीआई जांच की संस्तुति करेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह बातचीत कार्यालय में भी हो सकती थी, लेकिन युवाओं की तकलीफ को देखते हुए वे खुद धरना स्थल पर आए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले चार साल में पारदर्शी तरीके से 25 हजार से अधिक सरकारी भर्तियां की हैं जिन पर कोई शिकायत नहीं आई। सिर्फ एक मामले में शिकायत सामने आई है, इसलिए युवाओं के मन से शंका मिटाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि विगत सप्ताह भी जब युवा उनसे मिले थे, तभी उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि सरकार नहीं चाहती कि युवाओं के मन में कोई अविश्वास या संदेह रहे। इसलिए वे बिना सूचना दिए सीधे परेड ग्राउंड पहुंच गए।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंदोलन के दौरान यदि युवाओं पर कहीं मुकदमे दर्ज हुए हैं तो उन्हें वापस लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अमृतकाल के विकसित भारत में उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

देवभूमि खबर

Related articles