बीकेटीसी में वित्तीय अनियमितताओं पर कांग्रेस का हमला

बीकेटीसी में वित्तीय अनियमितताओं पर कांग्रेस का हमला
Spread the love

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) में सामने आए कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले को गंभीर बताते हुए प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सूचना के अधिकार (RTI) के तहत प्राप्त जानकारी ने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली और धार्मिक संस्थाओं में हो रहे कथित भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है।

गणेश गोदियाल ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम की व्यवस्था संभालने वाली संस्था में इस प्रकार की नियुक्तियां और अनर्गल भुगतान नैतिकता एवं पारदर्शिता पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में बीकेटीसी अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने एक आदर्श प्रस्तुत करने का प्रयास किया और कभी टीए/डीए या मानदेय के रूप में एक रुपया तक नहीं लिया। गोदियाल के अनुसार यह श्रद्धालुओं के चढ़ावे का पैसा होता है, जिसे केवल मंदिर और चारधाम व्यवस्था पर ही खर्च किया जाना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीकेटीसी में पहले से पर्याप्त कार्मिक उपलब्ध होने के बावजूद निजी नियुक्तियां की गईं तथा शासनादेशों का उल्लंघन कर भत्तों का भुगतान किया गया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने धार्मिक संस्थाओं को भी राजनीतिक संरक्षण और भ्रष्टाचार का माध्यम बना दिया है।

गणेश गोदियाल ने यह भी कहा कि बीकेटीसी की ओर से यह तर्क देना कि डिजिटल पेमेंट की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, इसलिए कैश भुगतान किया गया, स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरी चारधाम यात्रा ऑनलाइन व्यवस्थाओं के माध्यम से संचालित हो रही है और केदारनाथ मंदिर में क्यूआर कोड प्रकरण अभी पुराना नहीं हुआ है, जब मंदिर परिसर में चंदा उगाही के लिए क्यूआर कोड लगाए जाने का मामला सामने आया था।

उन्होंने प्रदेश सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा बीकेटीसी में वित्तीय पारदर्शिता लागू करने की मांग की है। साथ ही बीकेटीसी से अपेक्षा जताई कि जिन लोगों पर मंदिर समिति का पैसा खर्च किया गया है, उनसे भुगतान की रिकवरी की जाए।

गोदियाल ने कहा कि इस पूरे मामले ने भाजपा और आरएसएस के कथित सनातन प्रेम की वास्तविकता को उजागर कर दिया है।

देवभूमि खबर

Related articles