रायपुर-डोईवाला क्षेत्र के लिए विकास कार्यों की मांग, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
देहरादून। रायपुर और डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनता ने क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों की मांग को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रायपुर क्षेत्र के 16 गांवों, जिनमें संभलधार, न्यूछीबढ़, नवादा, बालावाला, तुनवाला, रायपुर, सौंदासौरी, हरबंसवाला, कलौनीग, बड़ासी, हरिपुर, एवं कुंवालगांव शामिल हैं, में विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। उल्लेखनीय है कि 22 मार्च 2023 को राज्य सरकार द्वारा इन क्षेत्रों को “फ्री जोन” घोषित करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन आज तक इस पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से मांग की कि 850 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस क्षेत्र को पूरी तरह से विकसित किया जाए और इसे एक स्पोर्ट्स हब, अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम, शैक्षिक संस्थानों एवं व्यावसायिक केंद्रों के रूप में विकसित किया जाए।
ज्ञापन में राज्य सरकार से पूर्व में स्वीकृत 75 करोड़ के बजट को पुनः लागू करने की मांग की गई ताकि अधूरे विकास कार्यों को पूरा किया जा सके।
महेंद्र सिंह नेगी ‘गुरुजी’, प्रदेश महासचिव, उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी, ने कहा कि यदि सरकार जल्द से जल्द इस क्षेत्र को फ्री जोन घोषित नहीं करती तो कांग्रेस कार्यकर्ता बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन में कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर भी शामिल हैं, जिन्होंने एकजुट होकर इस मांग का समर्थन किया।

