हरिद्वार पुलिस ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने व पत्थरबाजी करने वालों पर दर्ज किया मुकदमा

हरिद्वार पुलिस ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने व पत्थरबाजी करने वालों पर दर्ज किया मुकदमा
Spread the love

हरिद्वार। पुलिस ने सांप्रदायिक माहौल खराब करने और पत्थरबाजी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली लक्सर क्षेत्र में 08 फरवरी 2025 को ग्राम बाड़ीटीप निवासी एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि दूसरे समुदाय के युवकों ने उसकी नाबालिग बेटी का अपहरण कर लिया है। इस संबंध में कोतवाली लक्सर में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने इसे गंभीरता से लेते हुए एसपी देहात और सीओ लक्सर से वार्ता कर पुलिस टीमों का गठन किया और घटना के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए।

हरिद्वार पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संभावित स्थानों पर चेकिंग शुरू कर दी। टेक्निकल टीम की मदद से सभी संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मिली जानकारी के आधार पर आगे की जांच शुरू हुई। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए और डिजिटल सबूतों के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की। पुलिस की टीमें नाबालिग को बरामद करने और आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित स्थानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।

घटना के अगले दिन 09 फरवरी 2025 को इस प्रकरण को सांप्रदायिक रूप देते हुए दोनों पक्षों के कुछ लोगों ने एक-दूसरे के खिलाफ पत्थरबाजी की, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग हो गई। इस पर हरिद्वार पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपियों के खिलाफ कोतवाली लक्सर में मुकदमा संख्या 188/2025 दर्ज कर लिया। इसमें धारा 190, 191(2), 191(3) और 221 बीएनएस लगाई गई है। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर पत्थरबाजी में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।

हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई है। पुलिस ने नाबालिग और आरोपियों की तलाश के लिए 10 टीमों को रवाना किया है और सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से निर्देश दिया गया है कि किसी भी परिस्थिति में शांति भंग नहीं होने दी जाएगी और दोषियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी।**

देवभूमि खबर

Related articles