हरिद्वार।होली पर्व के मद्देनजर भीड़भाड़ वाले बाजारों में विशेष सतर्कता बरत रही हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान रुड़की कोतवाली पुलिस ने नकली नोट चलाने की फिराक में घूम रहे एक संदिग्ध को धर दबोचा।
दिनांक 01 मार्च 2026 की रात्रि कोतवाली रुड़की पुलिस टीम मोबाइल गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सोनाली पार्क के सामने, कलियार रोड पर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल सहित खड़ा है, जो नकली नोटों का व्यापार करता है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान मुकेश कुमार गर्ग पुत्र कुंवर सेन, निवासी मोहल्ला सेनियान, कस्बा व थाना शाहपुर, जिला मुजफ्फरनगर (उ.प्र.), उम्र 52 वर्ष के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से ₹500 के कुल 38 जाली/कूट रचित नोट, जिनकी कुल कीमत ₹19,000 है, बरामद किए गए।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी होली पर्व से पूर्व बाजारों में भीड़ का फायदा उठाकर नकली नोट खपाने की योजना बना रहा था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली रुड़की पर मु0अ0सं0 72/26 के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।
पुलिस ने ₹500 के 38 नकली नोट (कुल ₹19,000) बरामद किए।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि त्यौहारों के दौरान लेन-देन करते समय नोटों की सावधानीपूर्वक जांच करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक आनंद मेहरा, कांस्टेबल इतेंद्र ध्यान एवं होमगार्ड महक सिंह की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

