“अपराध नियंत्रण, नशे पर अंकुश और महिला सुरक्षा होंगी प्राथमिकता” : पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय
उत्तरकाशी। नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय (IPS) ने आज एसपी उत्तरकाशी का कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस कार्यालय में प्रेस वार्ता कर मीडिया से रूबरू हुईं। इस दौरान उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं साझा करते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध, महिला अपराध, अवैध नशे पर अंकुश, यातायात व्यवस्था और शीतकालीन यात्रा प्रबंधन उनकी मुख्य प्राथमिकताएं रहेंगी।
उन्होंने कहा कि नशा और साइबर अपराध आज समाज के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं। इन पर रोक लगाने के लिए पुलिस दो पहलुओं पर काम करेगी — जनजागरूकता और कठोर कार्रवाई।
एसपी ने बताया कि नशे की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, साथ ही नशे के काले कारोबार में लिप्त तस्करों के खिलाफ निरंतर और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस सतत प्रयास करेगी।
साइबर अपराध को लेकर उन्होंने कहा कि साइबर सेल को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा ताकि यह न केवल त्वरित कार्रवाई कर सके बल्कि लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक करे।
महिला सुरक्षा को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा, और ऐसे अपराधों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने बताया कि अपराध नियंत्रण के लिए सीसीटीवी कैमरे मुख्य स्थानों पर लगाए जाएंगे तथा संदिग्ध क्षेत्रों, स्कूल–कॉलेजों और नदी घाटों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी।
शीतकालीन और चारधाम यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी जनपद का महत्व बहुत अधिक है, क्योंकि श्री गंगोत्री और यमुनोत्री धाम यहीं स्थित हैं। प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं, ऐसे में तीर्थ यात्रियों को *लसुगम और सुरक्षित यात्रा अनुभव कराना पुलिस की प्रमुख जिम्मेदारी होगी।
