हरिद्वार पुलिस मुख्यालय में एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की अध्यक्षता में अपराध गोष्ठी आयोजित
हरिद्वार। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को जनपद पुलिस मुख्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में जनवरी माह की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जनपद में घटित अपराधों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निस्तारण, आगामी शारदीय कांवड़ यात्रा की तैयारियों, महिला एवं बाल अपराधों पर सख्त कार्रवाई, नशा मुक्त अभियान को प्रभावी बनाने तथा कानून व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने कांवड़ यात्रा को चुनौतीपूर्ण मानते हुए यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने, होटलों व ढाबा संचालकों को प्रशासनिक नियमों की स्पष्ट जानकारी देने और ट्रैफिक प्लान को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसपी नगर को स्वयं कांवड़ यात्रा क्षेत्र का निरीक्षण कर सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कराने के आदेश दिए।
महिला एवं बाल अपराधों को गंभीरता से लेते हुए कप्तान ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे इन मामलों का त्वरित संज्ञान लें और बिना किसी देरी के आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। क्षेत्राधिकारियों को महिला एवं बाल अपराधों की नियमित समीक्षा करने और विवेचकों को आवश्यक मार्गदर्शन देने को कहा गया। लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए कप्तान ने कहा कि सभी थानों में लंबित मामलों का आगामी 15 दिनों के भीतर गुण-दोष के आधार पर निस्तारण किया जाए ताकि पीड़ित पक्ष को समय से न्याय मिल सके।
नशा मुक्त अभियान के तहत एसएसपी ने नारकोटिक्स सेल के साथ सभी थाना प्रभारियों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध नशे के व्यापार पर रोक लगाने के लिए थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित करने और ड्रग सप्लाई नेटवर्क पर कड़ी नजर रखने को कहा। वहीं, लूट, डकैती व चोरी के मामलों में थाना प्रभारियों को न केवल आरोपियों की गिरफ्तारी बल्कि बरामदगी दर में भी सुधार लाने की हिदायत दी गई।
यातायात प्रबंधन को लेकर एसएसपी ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं के दौरान स्कूलों के खुलने व बंद होने के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और बैंक, सर्राफा बाजार जैसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए। उन्होंने गैंगस्टर एक्ट के तहत अपराधियों की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया में तेजी लाने की बात भी कही।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने कहा कि उत्तराखंड में लागू यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पुलिस अधीक्षक नगर अभियोजन अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर एक कार्यशाला आयोजित करें, जिससे पुलिस कर्मियों को इस कानून की विस्तृत जानकारी दी जा सके।
एसएसपी ने बैठक में जनपद में घटित अपराधों के त्वरित निस्तारण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए मातहतों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता के साथ संयमित व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए।
गोष्ठी में एसपी हरिद्वार जितेन्द्र मेहरा, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, एसपी सिटी पंकज कुमार गैरोला, एएसपी/सीओ सदर जितेंद्र चौधरी, सीओ मंगलौर विवेक कुमार, सीओ रुड़की नरेन्द्र पंत, सीओ ज्वालापुर अविनाश वर्मा, सीओ लक्सर नताशा सिंह, सीओ बुग्गावाला संजय चौहान सहित समस्त थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

