15 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, दून पुलिस ने तीन आरोपियों के पास से बरामद किए अवैध हथियार

देहरादून ।दून पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की रणनीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, दो देशी तमंचे और कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, हाल ही में भुड्डी गांव में हुई हत्या की घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी गिरफ्तार अभियुक्त द्वारा ही उपलब्ध कराई गई थी।
पुलिस को 23 जून 2026 की रात सूचना मिली कि चंद्रबनी क्षेत्र में चोटिया बाबा मंदिर के पास निर्माणाधीन हाईवे के निकट तीन संदिग्ध व्यक्ति घूम रहे हैं। सूचना पर कोतवाली पटेलनगर पुलिस और एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर पुलिया के नीचे बैठे तीन युवकों को घेराबंदी कर दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान फरहान पुत्र शौकीन, फरमान बेग पुत्र शफीक बेग और जैद पुत्र इकबाल के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके पास से एक 32 बोर पिस्टल, दो खाली मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, दो देशी तमंचे 315 बोर तथा चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद हथियारों को बेचने के उद्देश्य से लाया गया था। साथ ही यह भी खुलासा हुआ कि 14 जून को भुड्डी गांव में हुए सोहेल हत्याकांड में प्रयुक्त पिस्टल भी फरहान द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। फरहान उक्त मामले में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई को इस सफलता का श्रेय दिया गया है।
पुलिस टीम में व0उ0नि0 प्रमोद शाह (कोतवाली पटेलनगर), उ0नि0 जयवीर सिंह (चौकी प्रभारी आईएसबीटी, पटेलनगर), उ0नि0 बलवीर सिंह, का0 गौरव कुमार, का0 विश्वास चौधरी एवं का0 नितिन कुमार शामिल रहे। वहीं एसओजी टीम का नेतृत्व उ0नि0 संदीप कुमार (प्रभारी एसओजी टीम, देहरादून) ने किया, जिसमें हे0का0 चमन कुमार, का0 ललित कुमार तथा का0 देवेन्द्र कुमार भी शामिल रहे।

