कोटद्वार में दो चोरी कांडों का चंद घंटों में खुलासा, 2.5 लाख की रोलेक्स घड़ी सहित लाखों का सामान बरामद

कोटद्वार। कोतवाली कोटद्वार पुलिस ने जल निगम कॉलोनी और हरसिंहपुर बालासौड़ में हुई चोरी की दो बड़ी घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.5 लाख रुपये मूल्य की रोलेक्स घड़ी सहित चोरी गया लाखों रुपये का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 19 जून 2026 को हरसिंहपुर निवासी प्रदीप कुकरेती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर में चोरी हो गई है। वहीं 21 जून को जल निगम के अधिशासी अभियंता अजय बेलवाल ने जल निगम कॉलोनी स्थित सरकारी आवास का ताला तोड़कर चोरी किए जाने की सूचना दी थी। दोनों मामलों में कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर, क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाई और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ ही लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
लगातार पतारसी, मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने 23 जून को दोनों चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए प्रमिन्द्र उर्फ पप्पी, अमन कुमार, सुरेन्द्र उर्फ सनम और तस्लीम अहमद उर्फ काला को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दो विधि-विवादित किशोरों को भी संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मुकदमा संख्या 140/2026 में चोरी हुई रोलेक्स कंपनी की घड़ी (अनुमानित कीमत 2.5 लाख रुपये), इन्वर्टर, बैटरी, दो गैस सिलेंडर और एक एलसीडी बरामद की है। वहीं जल निगम कॉलोनी चोरी कांड में दो पंखे, एक इंडक्शन और एक प्रेस बरामद की गई है।
पुलिस ने दोनों मुकदमों में अतिरिक्त धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन, उपनिरीक्षक वेद प्रकाश, उपनिरीक्षक विनोद चपराना, मुख्य आरक्षी करण कुमार, आरक्षी कुलदीप कुमार, आशीष बिष्ट, चन्द्रपाल तथा होमगार्ड कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

