नैनबाग महाविद्यालय में वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित, विजेताओं ने बटोरे सम्मान
टिहरी। राजकीय महाविद्यालय नैनबाग, टेहरी गढ़वाल में उत्तराखंड सूचना आयोग देहरादून के दिशा-निर्देशानुसार छात्र-छात्राओं के बीच वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विभिन्न छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपनी वक्तृत्व कला का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कुमारी कशिश राघव पुत्री श्री सुनील कुमार ने प्राप्त किया। वहीं द्वितीय स्थान नितिन नौटियाल पुत्र श्री राजाराम नौटियाल को मिला। अब यह दोनों छात्र आगामी 3 अक्टूबर 2025 को दून विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली वाद-विवाद प्रतियोगिता में अपनी सहभागिता करेंगे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं प्रभारी प्राचार्य डॉ. मंजू कोगियाल उपस्थित रही। निर्णायक मंडल की भूमिका इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र एवं राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मधुबाला जुवाठा द्वारा निभाई गई।
इस प्रतियोगिता का आयोजन भूगोल विभागाध्यक्ष एवं राजकीय महाविद्यालय के सहायक सूचना अधिकारी डॉ. बृज कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षकगण एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। भूगोल विभाग के प्रयोगशाला सहायक श्री भुवन चंद डिमरी ने भी अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन किया।
