
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में देहरादून के महापौर श्री सौरभ थपलियाल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर देहरादून नगर के समग्र विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं, बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, शहरी अवसंरचना, स्वच्छता व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा जनहित से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
महापौर श्री सौरभ थपलियाल ने नगर की वर्तमान आवश्यकताओं और भावी विकास को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, नागरिक सुविधाओं में सुधार और सुव्यवस्थित शहरी विकास के लिए आवश्यक बिंदुओं पर ध्यान आकृष्ट किया।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए देहरादून नगर के विकास को राज्य सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने प्रस्तुत मांगों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन देते हुए कहा कि जन सुविधाओं के विस्तार और शहर के सुनियोजित विकास के लिए राज्य सरकार नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर प्रभावी कदम उठाएगी, जिससे आम नागरिकों को बेहतर और सुगम सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

