देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा शुरू, एक घंटे में पूरा होगा सफर
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून-पिथौरागढ़-देहरादून विमान सेवा का शुभारंभ किया। रामनवमी के अवसर पर शुरू हुई इस 42 सीटर विमान सेवा के माध्यम से अब पिथौरागढ़ से देहरादून की दूरी महज एक घंटे में तय की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हवाई सेवा न केवल आमजन की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई उड़ान (UDAN) योजना के तहत अब आम नागरिक भी सस्ती हवाई यात्रा कर पा रहा है, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आया है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में केंद्र सरकार ने उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी दी है, जिसके तहत आगामी 10 वर्षों में 29 हजार करोड़ रुपये की लागत से 100 नए हवाई अड्डों और 200 हेलीपैड के विकास का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य टियर-2 और टियर-3 शहरों तथा दूरस्थ क्षेत्रों में हवाई सेवाओं का विस्तार करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्य में हवाई सेवाएं जीवनरेखा के समान हैं, जो आपातकालीन चिकित्सा, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और दुर्गम क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में अहम भूमिका निभा रही हैं। वर्तमान में राज्य में उड़ान योजना के तहत 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं, जबकि “उत्तराखण्ड एयर कनेक्टिविटी योजना” के अंतर्गत 6 मार्गों पर नियमित उड़ानें संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश में हेलिपोर्ट की संख्या 2 से बढ़कर 12 और हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो चुकी है। पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के विकास पर 450 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक बृजभूषण गैरोला सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

