केदारनाथ धाम यात्रा 2026 की तैयारियां तेज, डीएम-एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण
रुद्रप्रयाग। आगामी केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के सुचारू संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बर्फ हटाने, पैदल यात्रा मार्ग को दुरुस्त करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा मूलभूत सुविधाओं की बहाली की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान श्री केदार सभा, बीकेटीसी प्रतिनिधियों और हक-हकूकधारियों के साथ भी बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि केदारनाथ धाम यात्रा 22 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो रही है। वर्तमान में धाम क्षेत्र में 3 से 4 फीट तक बर्फ जमी हुई है, जिसे हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। बर्फ हटने के बाद दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले पेयजल, बिजली, आवास और स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर बहाल कर दी जाएंगी।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने बताया कि वर्तमान में धाम में पुलिस के 3 और आईटीबीपी के 12 जवान तैनात हैं। इस वर्ष सुरक्षा व्यवस्थाओं को पूर्व अनुभव और फीडबैक के आधार पर और अधिक मजबूत किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवागमन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान श्री केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, जिला पर्यटन एवं विकास अधिकारी राहुल चौबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

