अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ जनपद देहरादून की जिला कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न, कई महत्वपूर्ण मांगों पर हुई चर्चा

अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ जनपद देहरादून की जिला कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न, कई महत्वपूर्ण मांगों पर हुई चर्चा
Spread the love

देहरादून। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड की जनपद देहरादून की जिला कार्यकारिणी की बैठक संघ के जिलाध्यक्ष अनिल नौटियाल की अध्यक्षता में गांधी इंटर कॉलेज देहरादून में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष संजय बिजल्वाण एवं प्रान्तीय महामंत्री महादेव मैठाणी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण, सेवाओं को चयन/प्रोन्नत वेतनमान में जोड़ने, मानदेय से वंचित पीटीए शिक्षकों को मानदेय देने, मानदेय प्राप्त शिक्षकों के मानदेय में बढ़ोतरी करने, 05 अक्टूबर 2005 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने, वर्ष 2024 एवं 2025 का सदस्यता शुल्क जमा करने तथा प्रांतीय व जनपदीय सम्मेलन जैसे कई मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।

प्रांतीय अध्यक्ष संजय बिजल्वाण और प्रान्तीय महामंत्री महादेव मैठाणी ने कहा कि संघ के गठन से ही संगठन लगातार अशासकीय विद्यालयों और शिक्षकों की समस्याओं को लेकर संघर्षरत है। इसी संघर्ष का परिणाम है कि गोल्डन कार्ड जैसी कई समस्याओं का समाधान हो चुका है और शेष मांगें शासन स्तर पर निस्तारण की ओर बढ़ रही हैं। संगठन तब तक शांत नहीं बैठेगा जब तक सभी मांगों का समाधान नहीं हो जाता।

जिलाध्यक्ष अनिल नौटियाल ने कहा कि जनपद देहरादून प्रांतीय कार्यकारिणी के हर निर्णय और संघर्ष में मजबूती से साथ खड़ा रहेगा।

पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष एवं संरक्षक जय प्रकाश बहुगुणा ने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे संगठन की सदस्यता ग्रहण कर एकजुट हों। बैठक में क्यूआर कोड के माध्यम से सदस्यता जमा करने पर जोर दिया गया।

बैठक को प्रांतीय मंत्री नीरज वर्मा, कपूर सिंह पंवार, मंडलीय उपाध्यक्ष आर.डी. सिंह, जिला संरक्षक आर.सी. शर्मा, जिला उपाध्यक्ष दिनेश डोबरियाल समेत कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया। इस अवसर पर ललित मोहन सकलानी, विजय भट्ट, गिरीश सेमवाल, संजीव रावत, संजीव जोशी, नरेश कोटनाला, नरेंद्र सिंह, विजय बुटोला, कुलदीप जोशी, मनीष राणा, राजीव चौहान, कमलेश गौड़, गगन रावत, रविंद्र चौहान, अश्वनी चौहान, कैलाश पांडेय, दीप्ति शर्मा, दीपमाला भट्ट सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

बैठक के अंत में प्रांतीय महामंत्री जगमोहन सिंह रावत एवं अन्य शिक्षकों के असामयिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

देवभूमि खबर

Related articles