बंद घर में नकबजनी की वारदात का दून पुलिस ने किया खुलासा, 20 लाख की ज्वैलरी बरामद
ऋषिकेश।देहरादून पुलिस ने एक बंद घर में हुई बड़ी नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर खानाबदोश चोर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से लगभग ₹20 लाख मूल्य की सोने और हीरे की ज्वैलरी बरामद की गई है। एसएसपी देहरादून की सटीक रणनीति और ऋषिकेश पुलिस की सतर्कता के चलते यह कार्रवाई संभव हो पाई।
01 अगस्त 2025 को वादी ओमप्रकाश बत्रा निवासी जीवनी माई मार्ग ऋषिकेश ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह 25 जुलाई से 31 जुलाई तक अपने परिवार सहित दिल्ली गए हुए थे और इस दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखी कीमती ज्वैलरी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर थाना ऋषिकेश में एफआईआर संख्या 384/2025 अंतर्गत धारा 305(1)/329(3) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश को निर्देशित किया गया कि शीघ्र घटना का अनावरण कर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जाए। अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, मुखबिर तंत्र और सर्विलांस के माध्यम से संदिग्धों पर नजर रखी गई।
04 अगस्त 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी में शामिल अभियुक्त हरिद्वार-ऋषिकेश बाईपास हाईवे पर इंदिरा नगर तिराहे के पास खड़ा है और चोरी का सामान लेकर फरार होने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सूरज कुमार वर्मा पुत्र सुरेश कुमार वर्मा निवासी त्रिवेणी घाट, ऋषिकेश (उम्र 31 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की गई कीमती ज्वैलरी और एक म्यूजिक सिस्टम बरामद किया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए बंद घरों की रैकी करता था। वह गली-मोहल्लों में दिनभर घूमता और रात को गंगा घाटों पर सोता था। अभियुक्त ने माना कि जीवनी माई रोड पर स्थित घर की पूर्व में रैकी कर उसने रात में मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
चोरी के बाद वह स्थानीय स्तर पर ज्वैलरी बेचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बिना बिल की ज्वैलरी को किसी ने नहीं खरीदा, इसलिए हरिद्वार या सहारनपुर जाकर बेचने की योजना बना रहा था। मगर पुलिस की तत्परता ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
बरामद वस्तुओं में अनुमानित ₹20 लाख मूल्य की ज्वैलरी शामिल है, जो बंद घर से चोरी की गई थी। इसके अलावा, पुलिस ने एक काले रंग का म्यूजिक सिस्टम भी बरामद किया है, जिसे अभियुक्त चोरी के दौरान साथ ले गया था।
पूछताछ और जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्त सूरज कुमार वर्मा का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। उसके खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में कई मामले दर्ज हैं। इनमें मु.अ.सं. 580/22 धारा 379, 411, मु.अ.सं. 481/18 धारा 380, 457, मु.अ.सं. 490/18 धारा 380, 411, तथा मु.अ.सं. 354/18 धारा 380, 411 शामिल हैं। यह स्पष्ट करता है कि अभियुक्त एक शातिर और आदतन अपराधी है।
इस सफलता में पुलिस टीम की सतर्कता और सामूहिक प्रयासों की अहम भूमिका रही।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक प्रदीप राणा (प्रभारी कोतवाली ऋषिकेश), वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिशुपाल सिंह राणा, उपनिरीक्षक साहिल वशिष्ठ, कांस्टेबल दिनेश महर, कांस्टेबल सौरव वालिया, कांस्टेबल अभिषेक, तथा कांस्टेबल रूपेश कुमार शामिल रहे।


