सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम की जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने की समीक्षा बैठक
रुद्रप्रयाग।जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने विकास भवन सभागार में “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की। इस बैठक में जनवरी माह के दौरान ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में दर्ज हुई समस्याओं और शिकायतों की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों द्वारा दर्ज शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि अंतिम छोर पर निवासरत व्यक्तियों तक जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचे और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो। इसके लिए माहवार रोस्टर के अनुसार अधिकारियों को ग्राम पंचायतें आवंटित की गई हैं। इन पंचायतों में आयोजित बैठकों और जनता मिलन कार्यक्रमों में दर्ज शिकायतों को गंभीरता से लेकर तत्परता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, दर्ज शिकायतों का व्यवस्थित डेटा तैयार करने की बात कही गई, ताकि उन पर प्रभावी कार्यवाही की जा सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को तत्काल प्रेषित कर उनका समाधान सुनिश्चित करें। इसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय बनाए रखना आवश्यक है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, प्रभागीय वनाधिकारी कल्याणी, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग आशीष घिल्डियाल, उप जिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल, परियोजना निदेशक विमल कुमार, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र सिंह बिष्ट, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, अधिशासी अभियंता लोनिवि रुद्रप्रयाग इंद्रजीत बोस, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संदीप भट्ट, जल निगम नवल कुमार, जल संस्थान अनीश पिल्लई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

