बैकुंठ चतुर्दशी मेले की सभी तैयारियां समय पर पूरा करें: जिलाधिकारी
पौड़ी।जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आगामी बैकुंठ चतुर्दशी मेला-2024 की तैयारियों को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की और मेले की सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। यह मेला 14 नवंबर से 20 नवंबर 2024 तक श्रीनगर में आयोजित किया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने मेले के विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए और हर दिन होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, अतिथियों के स्वागत और अन्य गतिविधियों का रोस्टर समय से तैयार करने को कहा। उन्होंने उपजिलाधिकारी श्रीनगर को अतिथियों के लिए आमंत्रण पत्र भेजने के निर्देश दिए, जबकि पर्यटन विभाग से मेले में राफ्टिंग, हॉट एयर बैलून, और अन्य एडवेंचर स्पोर्ट्स शामिल करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने मेले में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता सुनिश्चित करने के लिए भी विशेष निर्देश दिए ताकि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में हो सके।
बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य शिक्षाधिकारी नागेंद्र बर्तवाल, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुंवर, जिला पर्यटन अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, एआरटीओ एन.के. ओझा सहित अन्य अधिकारी वर्चुअली शामिल थे।


