आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोपी को दून पुलिस ने दबोचा, दो माह से था फरार

आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोपी को दून पुलिस ने दबोचा, दो माह से था फरार
Spread the love

देहरादून/विकासनगर। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने आत्महत्या के दुष्प्रेरण के एक मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और अग्रिम जमानत के लिए न्यायालय का दरवाजा भी खटखटा चुका था, लेकिन उसकी जमानत याचिकाएं खारिज होने के बाद पुलिस ने उसे डाकपत्थर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 30 मार्च 2026 को विकासनगर क्षेत्र के जलालिया जंगल में एक व्यक्ति का शव आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बाद में मृतक की पहचान हरिद्वार निवासी सादिक के रूप में हुई। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था।


मृतक के परिजनों ने थाना गंगनहर, हरिद्वार में अनस पुत्र फय्याज निवासी झबरेड़ा के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। घटना विकासनगर क्षेत्र में होने के कारण जीरो एफआईआर को विकासनगर को स्थानांतरित किया गया, जहां धारा 108 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर मामले की गहन जांच की गई। विवेचना के दौरान आरोपी अनस के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए गए। पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी लगातार फरार रहा। इस दौरान उसने अपर जिला एवं सत्र न्यायालय विकासनगर तथा उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका भी दायर की, जिसे न्यायालय ने खारिज कर दिया।


लगातार की जा रही सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को आरोपी की लोकेशन की जानकारी मिली। इसके बाद 2 जून 2026 की शाम पुलिस टीम ने डाकपत्थर क्षेत्र से आरोपी अनस (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपी अनस पुत्र फय्याज, निवासी झबरेड़ा, थाना झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार, उम्र 21 वर्ष।

पुलिस टीम मे उपनिरीक्षक संदीप पंवार (चौकी प्रभारी डाकपत्थर) एवं कांस्टेबल रवि चौहान ने गिरफ्तारी कार्रवाई को अंजाम दिया।

देवभूमि खबर

Related articles