रुद्रपुर में युवक की जीभ काटने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला कर उसकी जीभ काटने के सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Ajay Ganpati के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस के अनुसार 10 अप्रैल 2026 को रम्पुरा क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने राज कोली पर हमला कर दिया था। आरोप है कि राजू, जितेन्द्र, सचिन और अन्य साथियों ने मिलकर युवक पर जानलेवा हमला किया। हमले के दौरान आरोपियों ने क्रूरता की सभी हदें पार करते हुए राज कोली की जीभ काट दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस टीमों ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदलते रहे। पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी प्राप्त किए।
लगातार प्रयासों के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घटना का मुख्य आरोपी जितेन्द्र पुत्र जागन लाल रम्पुरा क्षेत्र में मौजूद है और फरार होने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
जितेन्द्र पुत्र जागन लाल, निवासी वार्ड नंबर-24, रम्पुरा, कोतवाली रुद्रपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र लगभग 32 वर्ष।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ पूरी दृढ़ता से कार्य कर रही है। गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस टीम:
प्रभारी निरीक्षक प्रकाश दानू, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनिल जोशी, चौकी प्रभारी रम्पुरा उपनिरीक्षक पंकज कुमार, उपनिरीक्षक धीरज टम्टा, हेड कांस्टेबल राजकुमार, कांस्टेबल विजय दरमाल, मोहन खाती, रघुनाथ, जगदीश पाठक एवं पूरन सिंह ने गिरफ्तारी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

