सरेराह गुंडई करने वाले दून पुलिस की गिरफ्त में, दो आरोपी दबोचे मारपीट व जानलेवा हमले के दो अभियुक्त गिरफ्तार
देहरादून। थाना बसंत विहार क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद मारपीट और जानलेवा हमले की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 5 जुलाई 2025 की रात की है, जब वादी दीपांकर सिंह निवासी शिमला बायपास, देहरादून अपने रिश्तेदार को छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान ITBP गेट से आगे उनकी कार (UP11CM-9909) को तेज रफ्तार वर्ना कार (UK07FB-0200) और एक बिना नंबर की लाल बुलेट बाइक ने टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन सवारों ने दीपांकर सिंह और उनके भाई के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी, डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आईं। आरोपी दोनों को मृत समझकर फरार हो गए।
वादी की शिकायत पर थाना बसंत विहार में धारा 109(1), 191(2), 281, 324(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना बसंत विहार पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर 7 जुलाई 2025 को घटना में शामिल आरोपी कबीर मलिक और सिद्धार्थ शर्मा को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

