दून पुलिस की “नाईट स्ट्राइक” में बड़ी कार्रवाई, 47 ड्रंक एंड ड्राइव आरोपी गिरफ्तार, 67 वाहन सीज, 74 हजार रुपये जुर्माना वसूला
देहरादून।वीकेंड पर कानून व्यवस्था बनाए रखने और हुड़दंग करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए देहरादून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन नाईट स्ट्राइक” के तहत बड़ी कार्रवाई की गई। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान और औचक छापेमारी अभियान चलाया।
दिनांक 16 मई 2026 की रात्रि चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकानों पर दबिश दी तथा सार्वजनिक स्थानों और वाहनों में शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों एवं वाहनों में शराब पीने वाले 73 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। सभी के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई करते हुए भविष्य के लिए सख्त हिदायत दी गई।
इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने वाले 47 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं ड्रंक एंड ड्राइव, रेश ड्राइविंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर 67 वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने पर 92 वाहनों का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान कर 47 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला। साथ ही 62 वाहनों के चालान न्यायालय भेजे गए।
इसके अतिरिक्त 83 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत कार्रवाई करते हुए 26 हजार 500 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
देहरादून पुलिस ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने वाले आरोपियों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी जा रही है।

