दून विश्वविद्यालय के छात्र अक्षत कला को यूनिवर्सिटी ऑफ़ ग्लासगो में पूर्ण छात्रवृत्ति, कुलपति ने बताया शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण

दून विश्वविद्यालय के छात्र अक्षत कला को यूनिवर्सिटी ऑफ़ ग्लासगो में पूर्ण छात्रवृत्ति, कुलपति ने बताया शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण
Spread the love

देहरादून। सुरेखा डंगवाल, कुलपति, दून विश्वविद्यालय ने कहा कि “अक्षत कला की उपलब्धि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, वैश्विक दृष्टि और नवोन्मेषी पाठ्यक्रम संरचना का सशक्त प्रमाण है।

स्कूल ऑफ़ लैंग्वेजेज़ के अंग्रेज़ी विभाग में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में स्नातक छात्र अक्षत कला को सितंबर 2026 से स्कॉटलैंड स्थित University of Glasgow में बाल साहित्य (Children’s Literature) के अध्ययन हेतु पूर्ण छात्रवृत्ति के साथ प्रवेश का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है।

अंग्रेज़ी विभाग ने बाल साहित्य को डिसिप्लिन स्पेसिफ़िक इलेक्टिव (DSE) के रूप में आरंभ कर इसे विशिष्ट विशेषज्ञता का रूप दिया, जिससे विद्यार्थियों को सैद्धांतिक समझ के साथ-साथ शोध-आधारित प्रशिक्षण भी प्राप्त हो सके। अक्षत उस प्रथम बैच का हिस्सा रहे हैं जिन्होंने बी.ए. ऑनर्स (रिसर्च) कार्यक्रम के अंतर्गत इस विषय का चयन किया। उन्होंने तृतीय सेमेस्टर से बाल साहित्य को अपनाया और अष्टम सेमेस्टर तक इसे अपने शोध-केंद्रित विषय के रूप में निरंतर आगे बढ़ाया।

अकादमिक उत्कृष्टता के साथ-साथ अक्षत की सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों में सहभागिता भी उल्लेखनीय रही है। वे राज्यपाल भवन में प्रतिवर्ष आयोजित ‘वसंतोत्सव’ अवसर पर प्रकाशित कॉफी टेबल बुक की संपादकीय टीम का हिस्सा रहे, जहां उन्होंने साहित्यिक संपादन, क्यूरेशन और प्रस्तुतीकरण से जुड़ा व्यावहारिक अनुभव अर्जित किया।

कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने इस उपलब्धि पर छात्र को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्र की व्यक्तिगत मेधा और परिश्रम के साथ-साथ विभागीय मार्गदर्शन, दूरदर्शी पाठ्यक्रम संरचना और विश्वविद्यालय की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जो उत्तराखंड में गुणवत्तापूर्ण एवं वैश्विक स्तर की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए संकल्पित है। उन्होंने विश्वास जताया कि अक्षत की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक अवसरों की ओर प्रेरित करेगी तथा विश्वविद्यालय की अकादमिक प्रतिष्ठा को और सुदृढ़ करेगी।

देवभूमि खबर

Related articles