
देहरादून।एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (AIU) द्वारा आयोजित नॉर्थ जोन यूथ फेस्टिवल का आयोजन इस वर्ष चितकारा विश्वविद्यालय में किया गया, जिसमें उत्तर भारत की 22 विश्वविद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतिष्ठित सांस्कृतिक महोत्सव में दून विश्वविद्यालय के 52 विद्यार्थियों ने 22 विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागिता कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
दून विश्वविद्यालय की टीम का नेतृत्व टीम मैनेजर डॉ. अजीत पंवार और सिंधु खंडूरी द्वारा किया गया। विद्यार्थियों ने समर्पण, अनुशासन और रचनात्मकता का परिचय देते हुए कई प्रमुख विधाओं में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किए।
विश्वविद्यालय को सांस्कृतिक शोभायात्रा (कल्चरल प्रोसेशन) में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके साथ ही स्किट प्रतियोगिता में तृतीय स्थान, वन एक्ट प्ले में चौथा स्थान प्राप्त हुआ। अन्य प्रतियोगिताओं में भी दून विश्वविद्यालय का प्रदर्शन सराहनीय रहा। फोक ऑर्केस्ट्रा, शास्त्रीय नृत्य, हिंदी वक्तृत्व, हिंदी वाद-विवाद और मिमिक्री में विश्वविद्यालय ने पाँचवाँ स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके प्रदर्शन के पीछे के कारणों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दून विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने यह उपलब्धि केवल मंच पर प्रदर्शन के बल पर नहीं, बल्कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और सामूहिक प्रयास से अर्जित की है। हमारे छात्र अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों और रचनात्मक अभिव्यक्ति को भी समान महत्व देते हैं। विश्वविद्यालय में ऐसा वातावरण तैयार किया गया है, जहां विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, उसे निखारने और आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करने के अवसर मिलते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि यह सफलता शिक्षकों, प्रशिक्षकों और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े सभी समन्वयकों के मार्गदर्शन का भी परिणाम है। टीम भावना, समयबद्ध तैयारी और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना ने छात्रों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। मुझे गर्व है कि हमारे छात्र राष्ट्रीय स्तर पर भी दून विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
प्रो. डंगवाल ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को और अधिक सशक्त करेगा, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन का सबसे महत्वपूर्ण परिणाम यह रहा कि स्किट टीम ने राष्ट्रीय स्तर के लिए क्वालिफाई किया है। अब यह टीम मार्च माह में चेन्नई में आयोजित होने वाले नेशनल यूथ फेस्टिवल में दून विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी।
विश्वविद्यालय समुदाय ने इस उपलब्धि को विद्यार्थियों की मेहनत, प्रतिबद्धता और रचनात्मक ऊर्जा का प्रतिफल बताते हुए उन्हें आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।

