मुख्यमंत्री धामी को UCC लागू करने पर डॉ. अंबेडकर महामंच ने किया सम्मानित, हरिद्वार में बाबा साहेब समरसता स्थल की घोषणा

मुख्यमंत्री धामी को UCC लागू करने पर डॉ. अंबेडकर महामंच ने किया सम्मानित, हरिद्वार में बाबा साहेब समरसता स्थल की घोषणा
Spread the love

हरिद्वार: संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर हरिद्वार के बीएचईएल मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के ऐतिहासिक निर्णय के लिए डॉ. बी.आर. अंबेडकर महामंच द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में चिलचिलाती धूप के बावजूद हजारों लोगों ने भाग लिया और मुख्यमंत्री पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने इस सम्मान को बाबा साहब की विचारधारा का सम्मान बताते हुए कहा कि यह एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समानता की सोच का सम्मान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि UCC केवल एक कानून नहीं, बल्कि सामाजिक समानता की दिशा में निर्णायक कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान के अनुच्छेद 44 में समान नागरिक संहिता को नीति निदेशक सिद्धांतों में शामिल किया, जो यह दर्शाता है कि यह विचार उनके लिए कानूनी ही नहीं, नैतिक आवश्यकता भी था। उन्होंने बताया कि UCC लागू होने से समाज में भेदभाव खत्म होगा और विशेष रूप से महिलाओं को समान अधिकार प्राप्त होंगे।

सीएम धामी ने बताया कि UCC के माध्यम से मुस्लिम बहन-बेटियों को इद्दत, बहुविवाह, तीन तलाक और बाल विवाह जैसी कुरीतियों से मुक्ति मिली है। अब सभी महिलाओं को संपत्ति और उत्तराधिकार में समान अधिकार मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने बाबा साहब के सपनों को साकार करने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा लिए गए फैसलों का उल्लेख किया। उन्होंने हरिद्वार में “बाबा साहब समरसता स्थल” के निर्माण की घोषणा की, जहां युवा पीढ़ी को संविधान, सामाजिक समरसता और अनुसूचित समाज के महापुरुषों के योगदान की जानकारी दी जाएगी।

इसके अलावा अनुसूचित समाज के समाज सुधारकों के नाम पर बहुद्देशीय भवनों के निर्माण, विशेष जागरूकता कार्यक्रमों, अनुसूचित जाति के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति, छात्रावास, आवासीय विद्यालय और कोचिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी घोषणाएं की गईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों में बाबा साहेब के विचार स्पष्ट झलकते हैं। उन्होंने डॉ. अंबेडकर की स्मृतियों को पंच तीर्थों के रूप में विकसित करने, दलितों और वंचितों के सशक्तिकरण तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए लिए गए फैसलों की सराहना की।

कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय परिसर से बीएचईएल मैदान तक रैली का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने भाग लिया।

इस मौके पर निर्मल दास महाराज, स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक उमेश कुमार, मेयर किरण जैसल, आईजी राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह, एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles