HTML tutorial
HTML tutorial

कॉस्मेटिक स्टोर की आड़ में चल रहा था नशीली दवाओं का कारोबार, STF ने दबोचा शातिर तस्कर

कॉस्मेटिक स्टोर की आड़ में चल रहा था नशीली दवाओं का कारोबार, STF ने दबोचा शातिर तस्कर
Spread the love

देहरादून/हरिद्वार। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत उत्तराखण्ड एसटीएफ और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने हरिद्वार के कलियर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कॉस्मेटिक जनरल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की सप्लाई करने वाले एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में कोडीन सिरप और ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के निर्देशन में एएनटीएफ टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर के साथ कलियर क्षेत्र के कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एहतिशाम कॉस्मेटिक जनरल स्टोर पर छापा मारकर उसके संचालक अहतशाम उल हक निवासी बुड्ढा हैदी, थाना पथरी, हरिद्वार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से वाणिज्यिक मात्रा में करीब 3.9 किलोग्राम कोडीन सिरप तथा ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए।

पूछताछ के आधार पर एसटीएफ और ड्रग विभाग की टीम ने आरोपी के अन्य संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी, जहां से प्रतिबंधित दवाओं का जखीरा बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इन दवाओं को निर्धारित कीमत से कई गुना अधिक दाम पर बेचकर अवैध मुनाफा कमा रहा था। मामले में अन्य तस्करों और पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

एसटीएफ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का संबंध पूर्व में बरामद 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल के मामले से भी जुड़ा है। आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में जेल जा चुका है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने जनता से नशे से दूर रहने और नशा तस्करी की किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस अथवा एसटीएफ/एएनटीएफ को देने की अपील करते हुए कहा कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles