माँ नैना देवी मंदिर में दुर्गा सप्तशती पाठ, ताल चैनल पर 24 घंटे सीधा प्रसारण

रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल स्थित माँ नैना देवी मंदिर में श्री नन्दा-सुनन्दा देवी महोत्सव के अंतर्गत विश्वशांति एवं वातावरण की शुद्धि के लिए हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दुर्गा सप्तशती के पाठ का भी आयोजन हुआ। धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर विश्वशांति और सुख-समृद्धि की कामना की।
हवन के दौरान पवित्र अग्नि में घी, हवन सामग्री, फल, शहद एवं लकड़ी सहित विभिन्न प्राकृतिक पदार्थों की आहुति दी गई। धार्मिक मान्यता के अनुसार हवन-यज्ञ के माध्यम से वातावरण की शुद्धि, सकारात्मक ऊर्जा और मानसिक शांति की कामना की जाती है। हवन एवं पूजन की विधि पंडित भगवती प्रसाद जोशी तथा पंडित घनश्याम जोशी ने संपन्न कराई।
हवन-पूजन में यजमान के रूप में राकेश वर्मा, रश्मि वर्मा, नारायण लाल वर्मा, हर्षवर्धन, कनिष्क भंडारी, रेनू भंडारी एवं पुष्प भंडारी ने सहभागिता की और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रार्थना की।
इस अवसर पर नैनीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं ताल चैनल के संचालक मारुति नंदन साह की ओर से महोत्सव का सीधा प्रसारण भी किया जा रहा है। उनके अनुसार जो श्रद्धालु माँ नन्दा-सुनन्दा के दर्शन के लिए नैना देवी मंदिर नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे अपने मोबाइल फोन और टीवी के माध्यम से घर बैठे माँ के दर्शन कर सकते हैं। ताल चैनल द्वारा महोत्सव का सीधा प्रसारण 24 घंटे किया जा रहा है, जिससे देश-विदेश के विभिन्न स्थानों पर रहने वाले श्रद्धालु भी धार्मिक आयोजन से जुड़कर माँ के दर्शन कर सकें।
मंदिर की व्यवस्थाओं में माँ नयना देवी अमर उदय ट्रस्ट का सहयोग प्राप्त हो रहा है। वहीं श्री राम सेवक सभा के अध्यक्ष मनोज साह, महामंत्री जगदीश बवाड़ी, पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी, डॉ. ललित तिवारी, कमलेश ढौंडियाल, भीम सिंह कार्की, विमल चौधरी, आनंद बिष्ट, कैलाश जोशी समेत तमाम लोग व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं। महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह का माहौल बना हुआ है।
