भारतीय मूल्यों पर आधारित शिक्षा ही समय की मांग : महेंद्र कुमार

भारतीय मूल्यों पर आधारित शिक्षा ही समय की मांग : महेंद्र कुमार
Spread the love

देहरादून। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, गढ़वाल मंडल की बैठक आज संघ कार्यालय 15 तिलक रोड, देहरादून में संपन्न हुई। बैठक में राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने मार्गदर्शन देते हुए कहा कि शिक्षा में भारतीय दर्शन और मूल्यों का समावेश समय की आवश्यकता है। इन्हीं मूल्यों से विश्व शांति स्थापित होगी और पर्यावरण संरक्षण जैसी वैश्विक चुनौतियों का समाधान निकलेगा।

बैठक में राष्ट्रीय महिला प्रमुख डॉ. अलका सूरी ने भी शिक्षा में भारतीय मूल्यों के समावेश की सराहना करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) की प्रशंसा की। वहीं दून विश्वविद्यालय के डीन प्रो. एच.सी. पुरोहित ने हिंदू स्टडीज़ पर प्रभावशाली व्याख्यान प्रस्तुत किया।

शिक्षकों ने NEP 2020 के पांच वर्ष पूर्ण होने पर समीक्षा की और निर्देशानुसार विद्यालयों में इस संबंध में कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही आगामी 1 सितंबर को “मेरा विद्यालय मेरा स्वाभिमान” संकल्प अभियान पूरे राज्य के विद्यालयों में संचालित होगा, जिसके तहत छात्र-छात्राएं और शिक्षक विद्यालय हित में पाँच बिंदुओं पर संकल्प लेंगे। यह अभियान अखिल भारतीय स्तर पर एक साथ 5 लाख विद्यालयों में चलाया जाएगा।

बैठक में अक्टूबर माह में होने वाले अखिल भारतीय अधिवेशन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

इस अवसर पर डॉ. अनिल नौटियाल प्रांतीय महामंत्री, प्रो. वी.पी. श्रीवास्तव, नरेंद्र तोमर मंडली अध्यक्ष, मीनाक्षी उनियाल जिला अध्यक्ष टिहरी, नीरज सैनी जिला अध्यक्ष देहरादून, तेजेंद्र धीमान जिला महामंत्री देहरादून, संजय सैनी प्रांतीय मीडिया प्रभारी, राकेश शर्मा, संजीव कुमार सैनी, सुनील दत्त डिमरी, दीपक रस्तोगी, डॉ. पारुल दीक्षित सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles