कुमाऊं मंडल में तकनीकी शिक्षा विभाग का रोजगार मेला आयोजित, 1500 से अधिक युवाओं ने किया प्रतिभाग,  800 से अधिक युवाओं को मिला रोजगार

कुमाऊं मंडल में तकनीकी शिक्षा विभाग का रोजगार मेला आयोजित, 1500 से अधिक युवाओं ने किया प्रतिभाग,  800 से अधिक युवाओं को मिला रोजगार
Spread the love

काशीपुर। तकनीकी शिक्षा विभाग उत्तराखण्ड द्वारा कुमाऊं मंडल के अंतर्गत राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान काशीपुर में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में कुमाऊं मंडल के 33 राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया, जिसमें कुल 1525 युवाओं ने पंजीकरण कराया।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण, सुरेश सिंह चौहान तथा मनोज पाल शामिल रहे।

इस अवसर पर मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार सृजक बनाना है। उन्होंने बताया कि स्टार्टअप पॉलिसी, इनक्यूबेशन सेंटर और कौशल विकास योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आर्थिक एवं तकनीकी सहायता प्रदान की जा रही है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।

निदेशक तकनीकी शिक्षा उत्तराखण्ड श्री देश राज ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि रोजगार मेले में कुमाऊं मंडल के 1525 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 74 कंपनियों द्वारा युवाओं का चयन किया गया। उन्होंने कहा कि यह मेला केवल रोजगार प्रदान करने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य को दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जहां वे अपनी क्षमता और कौशल के आधार पर सफलता प्राप्त कर सकते हैं।


कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक तकनीकी शिक्षा श्री आलोक मिश्रा ने उद्योग प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उद्योगों द्वारा छात्रों की क्षमताओं पर विश्वास जताना सकारात्मक संकेत है। उन्होंने शिक्षकों को छात्रों का मार्गदर्शन करने और अभिभावकों को बच्चों के सपनों को साकार करने में सहयोग देने के लिए धन्यवाद दिया।

रोजगार मेले में सुजुकी मोटर साइकिल, महले आनंद थर्मल सिस्टम, अपोलो फार्मेसी, भारत गियर्स, बजाज मोटर्स, अशोका लीलैंड, अपोलो टायर्स, गुजरात अंबुजा, आईजीएल और महेन्द्र एंड महेन्द्र सहित कई प्रमुख कंपनियों ने भाग लिया। इस मेले में सिविल, मैकेनिकल, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, आईटी, सीएस/आईटी, फार्मेसी और इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल जैसे पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि तकनीकी शिक्षा का उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी के लिए तैयार करना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर रोजगार सृजक के रूप में विकसित करना है, जिससे वे राज्य और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।

कार्यक्रम के दौरान वित्त नियंत्रक तकनीकी शिक्षा डॉ. मुकेश पाण्डेय, सचिव उत्तराखण्ड तकनीकी शिक्षा परिषद, उपनिदेशक तकनीकी शिक्षा श्री एस.के. वर्मा एवं श्री एम.के. कंडवाल, राजकीय पॉलिटेक्निक काशीपुर के प्रधानाचार्य श्री बी.पी. सिंह सहित विभिन्न पॉलिटेक्निक संस्थानों के प्रधानाचार्य, स्टाफ एवं उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles