चारधाम यात्रा से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त, लक्सर में छापे में भारी मात्रा में मिलावटी मावा जब्त
हरिद्वार। चारधाम यात्रा के मद्देनजर श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद भर में होटल, ढाबों, दुकानों और रेस्टोरेंट में लगातार छापेमारी की जा रही है।
इसी क्रम में सहायक आयुक्त/जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में तहसील व पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने लक्सर के मखियाली क्षेत्र में एक मावा निर्माण इकाई पर छापा मारा। मौके पर 70 किलो तैयार मावा, 50 किलो सूजी, 10 किलो वनस्पति और करीब 2500 पाउच स्किम्ड मिल्क पाउडर बरामद हुआ, जिनका उपयोग मावा बनाने में किया जा रहा था।
टीम ने मौके से मावा, वनस्पति और दही के नमूने लिए तथा करीब 0.3 कुंटल सामग्री को जब्त कर नगर पालिका के सहयोग से नष्ट कराया। जांच के दौरान खाद्य लाइसेंस, पानी की रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं पाए गए, जिस पर संबंधित संचालक को नोटिस जारी किया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और ओवररेटिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण टीम में नायब तहसीलदार मधुकर जैन, राजस्व निरीक्षक अनिल गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव और पुलिस कर्मी शामिल रहे।

