प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने में तेजी लाएं, कैंची धाम बाईपास को स्वीकृति  :  सतपाल महाराज

प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने में तेजी लाएं, कैंची धाम बाईपास को स्वीकृति  :  सतपाल महाराज
Spread the love

हरिद्वार। राज्य के पर्यटन एवं लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने सीसीआर सभागार में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं पीएमजीएसवाई द्वारा प्रदेश में संचालित सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ आधुनिक तकनीक का प्रयोग करते हुए त्वरित गति से पूरे किए जाएं।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए जहां-जहां पैचवर्क कार्य प्रस्तावित हैं, उन्हें शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। दुर्घटना संभावित स्थलों पर अनिवार्य रूप से साइन बोर्ड लगाए जाने तथा पूर्ण हो चुकी सड़कों पर यातायात संचालन से पूर्व परिवहन विभाग से स्वीकृति लेने के निर्देश भी दिए गए।

मीडिया से वार्ता करते हुए सतपाल महाराज ने बताया कि देहरादून के सुद्धोवाला से मसूरी तक वैकल्पिक सड़क कनेक्टिविटी के लिए डीपीआर तैयार कर ली गई है और अलाइनमेंट का कार्य भी पूरा हो चुका है। उन्होंने जानकारी दी कि सड़कों में पैचवर्क से संबंधित 1456 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 1444 का निस्तारण किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि सुप्रसिद्ध कैंची धाम मंदिर क्षेत्र में लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलेगी। कैंची धाम बाईपास को स्वीकृति मिल चुकी है और जून तक वैली ब्रिज तैयार कर यातायात डायवर्जन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सिंगटाली पुल निर्माण को वन विभाग से अनुमति प्राप्त हो चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। महत्वपूर्ण स्थलों पर रोड साइनेज उपयुक्त ढंग से लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लिए निर्माण कार्यों एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा इस संबंध में समीक्षा बैठक की जा चुकी है और विभिन्न विभागों को आवश्यक धनराशि स्वीकृत की गई है। कुंभ से जुड़े स्थायी कार्यों पर विशेष जोर दिया जा रहा है तथा स्वच्छता और निर्माण गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में सचिव लोनिवि पंकज कुमार पांडे, प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, मुख्य अभियंता रंजीत सिंह रावत, अधीक्षण अभियंता हरिद्वार डी.पी. सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles