हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा स्नान हेतु पुलिस की व्यापक तैयारी ,मेला क्षेत्र 11 जोन व 36 सेक्टरों में विभक्त, सीसीटीवी व जल पुलिस की तैनाती सुनिश्चित
हरिद्वार।कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं।
एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने ऋषिकुल ऑडिटोरियम में स्नान ड्यूटी हेतु नियुक्त पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्नान पर्व के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए संपूर्ण मेला क्षेत्र को 11 जोन और 36 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां पुलिस की निगरानी चप्पे-चप्पे पर रहेगी। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए घाटों पर जल पुलिस की टीमें मुस्तैद रहेंगी, जबकि सम्पूर्ण क्षेत्र की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी।
यातायात संचालन को सुचारू रखने के लिए 05 स्थानों पर रिकवरी वैन तैनात की गई हैं और भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा। साथ ही, घाटों और मार्गों पर सुरक्षा, व्यवस्था व भीड़ नियंत्रण से संबंधित विस्तृत दिशानिर्देश दिए गए हैं, जिसमें पुलिस बल की ड्यूटी रोटेशन, भीड़ प्रबंधन, महिला सुरक्षा, आतंक निरोधी सतर्कता, तकनीकी निगरानी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण पहलू शामिल हैं।
स्नान ड्यूटी में कुल 617 पुलिस कर्मी, 06 जल पुलिस टीमें, 03 पीएसी कंपनियां, बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वायड सहित अन्य इकाइयाँ तैनात की गई हैं, जो मिलकर पर्व को सुरक्षित व निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने में सहयोग देंगी।
