HTML tutorial
HTML tutorial

दीपावली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी तेज, एडीज बेकरी से केक-क्रीम के नमूने लिए; तमटारा कैफे पर कार्रवाई

दीपावली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी तेज, एडीज बेकरी से केक-क्रीम के नमूने लिए; तमटारा कैफे पर कार्रवाई
Spread the love

देहरादून। दीपावली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर उत्तराखण्ड में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर बुधवार, 21 अक्टूबर को देहरादून के यमुना कॉलोनी क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान चकराता रोड स्थित एडीज बेकरी से हेज़लनट चॉकलेट केक और क्रीम के नमूने लिए गए। इसके अलावा प्रिंसटिन ब्रांड के पैक्ड फूड सिरप का नमूना भी जांच के लिए सील कर प्रयोगशाला भेजा गया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह के नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र की टीम ने एडीज बेकरी का निरीक्षण किया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए लिए गए नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यदि नमूने अधोमानक या असुरक्षित पाए जाते हैं, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एडीज बेकरी के निरीक्षण के दौरान पानी की जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के चिकित्सकीय स्वास्थ्य परीक्षण से संबंधित दस्तावेज भी मौके पर उपलब्ध नहीं मिले। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस पर गंभीरता दिखाते हुए खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन करने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। विभाग के अनुसार, खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, सुरक्षित पानी और कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए जरूरी है।

इसी अभियान के तहत तमटारा कैफे की रसोई और स्टोर में गंदगी पाए जाने का मामला भी सामने आया। विभाग के अनुसार, प्रतिष्ठान को स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होने तक रसोई का संचालन स्थगित रखने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन संचालक द्वारा इन निर्देशों का अनुपालन नहीं किया गया।

इस पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 55 और 58 के अंतर्गत वाद दायर करने की स्वीकृति दी गई है। विभाग के मुताबिक, अगले कार्यदिवस में न्याय निर्णायक अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी, देहरादून के न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा।

खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमें त्योहारों के दौरान मिठाइयों, बेकरी उत्पादों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण कर रही हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर नमूनों के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्वच्छता संबंधी निर्देशों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।

देवभूमि खबर

Related articles