केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने हरिद्वार में पेयजल योजनाओं का किया निरीक्षण, 15 दिन में कमियां दूर करने के निर्देश

हरिद्वार। केंद्रीय जल शक्ति एवं रेल राज्य मंत्री श्री वी. सोमन्ना ने बुधवार को आकांक्षी जनपद हरिद्वार का भ्रमण कर बहादराबाद स्थित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई और जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित सुल्तानपुर माजरी पेयजल योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति, कार्यप्रणाली और रखरखाव की जानकारी लेते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई के निरीक्षण के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने क्षेत्र से एकत्रित कूड़े के पृथक्करण, प्रसंस्करण और निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी स्वजल एवं जिला पंचायत विभाग के अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने और अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने स्वच्छता कार्यों में उपयोग किए जा रहे वैक्यूम सक्शन वाहन का भी निरीक्षण किया और इसके प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए।
इसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री ने सुल्तानपुर माजरी पेयजल योजना का निरीक्षण कर स्थानीय उपभोक्ताओं से संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों से पेयजल की गुणवत्ता, उपलब्धता और नियमित आपूर्ति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पेयजल योजनाओं का दीर्घकालिक एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। ग्रामीणों को इन योजनाओं के संरक्षण, संचालन और रखरखाव में सहयोग करना चाहिए।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को पेयजल योजनाओं का संचालन करने वाले कार्मिकों को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम स्तर पर गठित पेयजल एवं स्वच्छता समितियों को भी योजनाओं के संचालन, रखरखाव और नियमित निगरानी के संबंध में प्रशिक्षित करने को कहा, ताकि ग्रामीणों को लगातार स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के संयुक्त सचिव श्री डी. सेंथिल पांडियन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवनिर्मित पेयजल योजनाओं को विभागीय स्तर पर 15 दिनों तक संचालित कर उनकी कार्यप्रणाली का परीक्षण किया जाए। इस अवधि में सामने आने वाली कमियों को चिह्नित कर उनका आवश्यकतानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे योजनाओं का संचालन सुचारु रूप से हो सके।
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने ग्रामीणों से विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की और उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कूड़े का उचित निस्तारण करने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
निरीक्षण के बाद डाम कोठी में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में शत-प्रतिशत पूरा करने के साथ पेयजल योजनाओं की गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन और प्रभावी संचालन एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जनपद आगमन पर प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने केंद्रीय राज्य मंत्री का गंगाजली भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का संबंधित अधिकारियों से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रबंध निदेशक जल जीवन मिशन एवं अपर सचिव पेयजल एवं स्वच्छता श्रीमती झरना कमठान, राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन की श्रीमती हिमाली जोशी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश विश्नोई, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम राजेश गुप्ता, जल संस्थान के विपिन चौहान, उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा, खंड विकास अधिकारी बहादराबाद मानस मित्तल, परियोजना प्रबंधक स्वजल चन्द्रकांत मणि त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।


